घोषणा: भाजपा ने महाराष्ट्र विप चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी की, वंजारी और कोहले के बीच होगा मुकाबला

  • महाराष्ट्र विधान परिषद शिक्षक व स्नातक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव
  • 3 सीटों के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी
  • विधानपरिषद स्नातक चुनाव,कांग्रेस के वंजारी व भाजपा के कोहले के बीच होगा मुकाबला
  • केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितीन गडकरी व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पिता गंगाधरराव फडणवीस कर चुके है प्रतिनिधित्व

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली/नागपुर. भाजपा ने महाराष्ट्र विधान परिषद (शिक्षक व स्नातक निर्वाचन क्षेत्र) के चुनाव में 3 सीटों के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी।भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद महासचिव तरूण चुघ ने शुक्रवार को उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की। उन्होंने बताया कि पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ स्मिता योगेश जाधव, नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से सुधाकर विट्ठलराव कोहले और पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से कौस्तुभ मुरलीधर गावडे को उम्मीदवार घोषित किया है। उम्मीदवारों के नामांकन की आखिरी तिथि 6 अक्टूबर है। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और नाम वापसी की तारीख 9 अक्टूबर है। मतदाता 23 अक्टूबर को सुबह 8 से शाम 4 बजे तक अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।

विधानपरिषद स्नातक चुनाव,कांग्रेस के वंजारी व भाजपा के कोहले के बीच होगा मुकाबला

विधानपरिषद की नागपुर स्नातक सीट के लिए कांग्रेस व भाजपा के बीच सीधा मुकाबला होगा। कांग्रेस ने अभिजीत वंजारी को दोबारा उम्मीदवारी दी है। भाजपा ने सुधाकर कोहले को मैदान में उतारा है। सोमवार 5 अक्टूबर को दोनों उम्मीदवार नामांकन फार्म जमा कराएंगे। 23 अक्टूबर को मतदाना होगा। नागपुर स्नातक क्षेत्र में नागपुर, वर्धा, चंद्रपुर, गडचिरोली, भंडारा व गोंदिया जिले का समावेश है।

जनसंघ व भाजपा की परंपरागत सीट

नागपुर स्नातक सीट को भाजपा की परंपरागत सीट माना जाता रहा है। 1962 से 2020 करीब 58 वर्ष तक इसी सीट पर जनसंघ या भाजपा का प्रतिनिधित्व रहा है। 1978 में इस सीट से गंगाधरराव फडणवीस चुनाव जीते थे। वे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पिता थे। 1990 से 2014 तक नितीन गडकरी इस सीट से चुनाव जीतते रहे। 2015 में भाजपा के ही प्रा.अनिल सोले चुनाव जीते थे।

वंजारी की जीत ने चौंकाया

2020 में कांग्रेस के अभिजीत वंजारी की जीत ने भाजपा को पराजित कर सभी को चौंकाया था। वंजारी ने नागपुर के पूर्व महापौर व भाजपा उम्मीदवार संदीप जोशी को पराजित किया था। जोशी मुख्यमंत्री फडणवीस के मित्र हैं। वंजारी के पिता गोविंदराव वंजारी विधानसभा सदस्य रहे हैं। वंजारी परिवार को शिक्षा संस्थाएं हैं। नागपुर व विदर्भ में राजनीतिक क्षेत्र में प्रभाव रखनेवाले शिक्षा क्षेत्र के लोगों से वंजारी का काफी अच्छा संबंध रहा है। अभिजीत वंजारी विधानपरिषद में कांग्रेस के प्रतोद भी रहे हैं। वे प्रदेश कांग्रेस के महासचिव हैं।

कोहले के नाम को लेकर रहा सस्पेंस

सुधाकर कोहले को भाजपा के उम्मीदवार के तौर पर एक वर्ष पहले ही पेश किया गया लेकिन रविवार तक उम्मीदवारी घोषित नहीं होने से उनके नाम को लेकर संस्पेंस बना रहा। पेश से शिक्षक कोहले नागपुर मनपा में जलप्रदाय समिति के सभापति रहे। वर्ष 2014 में दक्षिण नागपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीते थे। भाजपा के नागपुर शहर अध्यक्ष भी रहे हैं। 2019 के विधानसभा चुनाव में उन्हें उम्मीदवारी नहीं मिल पायी। 2024 में पश्चिम नागपुर विधानसभा क्षेत्र में बतौर भाजपा उम्मीदवार वे पराजित हो गए। एक वर्ष पहले नागपुर स्नातक सीट के लिए मतदाता पंजीयन अभियान शुरु हुआ तक भाजपा ने कोहले को इस अभियान का प्रमुख नियुक्त किया। पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने उस समय ही एक सभा में साफ संकेत दिये थे कि कोहले ही स्नातक सीट के उम्मीदवार होंगे। लेकिन पिछले 15 दिनों से भाजपा उम्मीदवार के नाम को लेकर सस्पेंस बना था। प्रा.अनिल सोले ने जन्मदिन कार्यक्रम के बहाने शक्तिप्रदर्शन करके अपनी दावेदारी ठोंक दी थी। सुधीर दिवे, गिरीश देशमुख सहित अन्य नाम भी चर्चा में थे। शुक्रवार को कांग्रेस ने वंजारी को उम्मीदवार घोषित किया लेकिन भाजपा में उम्मीदवार को लेकर सस्पेंस कायम था। अंतत: रविवार की दोपहरे को भाजपा ने कोहले की उम्मीदवारी की सूची घोषित की। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस व केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी नागपुर में ही है।

Created On :   4 Oct 2026 6:09 PM IST

Tags

Next Story