सेहत का सवाल: सरकारी बैठकों और उपहारगृहों में अब मिलेगा संतुलित आहार, परोसे जाएंगे मौसमी फल और चीनी कम चाए

सरकारी बैठकों और उपहारगृहों में अब मिलेगा संतुलित आहार, परोसे जाएंगे मौसमी फल और चीनी कम चाए
  • मंत्रालय के उपहारगृह में हुई शुरुआत
  • बिना चीनी वाली ग्रीन टी, रागी, ज्वार और बाजरा की रोटी मिलेगी

Mumbai News. प्रदेश में अब सरकारी और अर्धसरकारी बैठकों, सरकारी कार्यक्रमों और उपहारगृहों (कैंटीन) में स्वास्थ्यवर्धक नाश्ता और संतुलित भोजन उपलब्ध कराने और उसी तरह का मेन्यू रखना अनिवार्य होगा। मंगलवार को राज्य मंत्रिमंडल ने इस फैसले को मंजूरी दी है। नए मेन्यू के तहत मौसमी फल, केला, सेब, अमरूद, पपीता, उबले अंडे, उबली दालें, पोहा, इडली सांबर, आवश्यकता के अनुसार गर्म दूध,बिना चीनी वाली ग्रीन टी, रागी, ज्वार और बाजरा की रोटी, छाछ, सलाद, विभिन्न सब्जियां, दाल और अंकुरित पारंपरिक व्यंजन परोसे जाएंगे। नाश्ते में तेलयुक्त और अति-प्रसंस्कृत (प्रोसेस्ड) खाद्य पदार्थों की मात्रा कम करके स्थानीय और पारंपरिक पौष्टिक खाद्य पदार्थों को बढ़ावा देने के लिए जोर दिया जाएगा। भोजन में दाल, उसल, हरी पत्तेदार सब्जियां, छाछ, सलाद, सब्जी और आवश्यकता के अनुसार संतुलित खाद्य पदार्थों को शामिल करने के लिए कहा गया है। संबंधित कार्यालयों में नए खानपान (केटरिंग) करार के समय स्वास्थ्यवर्धक मेन्यू को शामिल करना अनिवार्य होगा। स्वास्थ्यवर्धक जीवन शैली और पोषक आहार सरकारी कर्मियों के जीवन का हिस्सा बनाने के लिए सभी विभागों को कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे सरकारी बैठकों, कार्यक्रमों, प्रशिक्षण संस्थाओं,परिषदों और उपहारगृहों में नाश्ते और भोजन में स्वास्थ्यवर्धक खाद्य पदार्थों को शामिल किया जाएगा। सरकारी और अर्ध-सरकारी कार्यालयों को मेन्यू तय करते समय भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद और राष्ट्रीय पोषण संस्थान के दिशानिर्देशों का पालन करना होगा।

मंत्रालय के उपहारगृह में हुई शुरुआत

मंत्रालय के उपहारगृहों में फिलहाल फल, उबला अंडा, पोहा, इडली- सांबर, गर्म दूध और ग्रीन टी जैसे स्वास्थ्यवर्धक पदार्थ उपलब्ध कराने की शुरुआत की गई है। इससे नाश्ते के समय तेलयुक्त खाद्य पदार्थों की मात्रा कम करने में मदद मिल रही है। मंत्रालय के उपहारगृहों के भोजन में दाल, उसल, हरी पत्तेदार सब्जियां, छाछ, सलाद और पुलाव जैसे पौष्टिक खाद्य पदार्थों को भी शामिल किया जा रहा है।

Created On :   1 Sept 2026 9:25 PM IST

Tags

Next Story