सनसनीखेज खुलासा: नेस्को के आयोजकों के तैयार बाउंसरों ने पैसे लेकर ड्रग्स तस्करों को म्यूजिक कंसर्ट में दिया था प्रवेश

नेस्को के आयोजकों के तैयार बाउंसरों ने पैसे लेकर ड्रग्स तस्करों को म्यूजिक कंसर्ट में दिया था प्रवेश
  • मुख्य गेट छोड़ दूसरे गेट से कराई गई थी एंट्री
  • आरोपी विनीत के घर से एमडीएमए की 5 गोलियां बरामद
  • ड्रग्स तस्करों को म्यूजिक कंसर्ट में दिया था प्रवेश

Mumbai News. दिवाकर सिंह. नेस्को सेंटर में म्यूजिक कॉन्सर्ट की आड़ की आयोजित रेव पार्टी मामले में पुलिस की जाँच के दौरान बड़ा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने कंसर्ट के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी लापरवाही और सांठगांठ को पूरी तरह से उजागर कर दिया है। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि कार्यक्रम आयोजकों द्वारा तैनात बाउंसरों ने पैसे लेकर ड्रग्स तस्करों आयुष साहित्य, उसके राइट हैंड विनीत गेरेलानी और उनके दो अन्य साथियों को कॉन्सर्ट में प्रवेश दिलाया था। इतना ही नहीं, इन आरोपियों को मुख्य प्रवेश द्वार से अंदर न भेजकर दूसरे गेट से हॉल के भीतर पहुंचाया गया था। पुलिस की पूछताछ में आरोपी विनीत ने खुलासा किया कि 11 अप्रैल को नेस्को में आयोजित 999999999 नामक म्यूजिक कार्यक्रम में वह अपने मित्र तरुण,कुणाल धिवी, आयुष और कुछ अन्य लोगों के साथ पहुंचा था। विनीत ने बताया कि उनके पास कार्यक्रम का टिकट नहीं था। इसके बावजूद आयोजकों द्वारा नियुक्त सुरक्षा रक्षक और बाउंसरों ने उन्हें मुख्य गेट से न भेजकर हॉल नंबर 5 के गेट नंबर 9 से अंदर भेजा। इसके एवज में प्रत्येक से 1000 रुपये और धिवी से 2000 रुपये लिए गए थे।

पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आने के बाद अब आयोजकों द्वारा नियुक्त बाउंसरों की भूमिका भी संदेह के घेरे में आ गई है। माना जा रहा है कि यदि सुरक्षाकर्मियों ने पैसों के लालच में नियमों को न तोड़ा होता तो ड्रग्स सप्लायर कार्यक्रम में प्रवेश नहीं कर पाते। फिलहाल पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों और बाउंसरों की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान और किन लोगों को इसी तरह पैसे लेकर अवैध रूप से अंदर प्रवेश कराया गया था। इस मामले में सुरक्षा रक्षकों और बाउंसरों की गिरफ़्तारी तय मानी जा रही है।

वहीं दूसरी तरफ पुलिस ने शनिवार को आरोपी विनीत और आनंद के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी विनीत के घर से एमडीएमए की लगभग 305 ग्राम वजन की 5 गोलियां बरामद की गईं हैं .इन गोलियों पर अंग्रेजी के बड़े अक्षरों में मर्सिडीज लिखा हुआ था और उस पर मर्सिडीज कंपनी का लोगो भी अंकित था। जब्त की गई गोलियों की कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने उसे जब्त कर लिया है, हालाँकि आनंद के घर पर की गई तलाशी में कोई भी मादक पदार्थ अथवा संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। आनंद के वकील सुरेंद्र लांडगे और आज़ाद गुप्ता ने कहा कि इससे साबित होता है कि उनके मुवक्किल को फंसाया जा रहा है।

Created On :   18 April 2026 10:02 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story