- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- बीएमसी मुख्यालय पर कार पार्किंग...
चुनौती: बीएमसी मुख्यालय पर कार पार्किंग सुविधा नहीं, नगरसेवक अपनी कार बाहर खड़ी करने को मजबूर, ट्रैफिक पुलिस काट रही चालान

Mumbai News. मुंबई मनपा (बीएमसी) मुख्यालय के बाहर वाहनों की पार्किंग की सुविधा नहीं है। इसका खामियाजा नगरसेवकों को भुगतना पड़ रहा है। ये नगरसेवक मुख्यालय के बाहर अपनी कार खड़ी करने को मजबूर हैं। ट्रैफिक पुलिस इस अवैध पार्किंग मान कर जुर्माने की कार्रवाई कर रही है। बीते दो दिन में 24 नगरसेवकों के वाहनों का चालान कटा है। ट्रैफिक पुलिस ने गुरुवार को तब कार्रवाई शुरू की जब एक आईपीएस अफसर मनपा मुख्यालय के पास ट्रैफिक में फंस गए थे। शुक्रवार को भी यातायात पुलिस की मुहिम जारी रही। शुक्रवार को 12 और गुरुवार को भी 12 नगरसेवकों (कार्पोरेटर) के वाहनों का चालान काटा गया। इनमें से 6 वाहन आजाद मैदान के पास खड़े थे।
ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई का मुद्दा मनपा सदन नेता गणेश खाणकर ने शुक्रवार को उठाया। उन्होंने महापौर रितु तावडे से हस्तक्षेप की मांग की। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि इन वाहनों की वजह से पीक ऑवर्स में भारी ट्रैफिक जाम हो रहा था।
मुख्यालय का चक्कर काटना पड़ रहा
राकांपा (अजित) नगरसेविका डॉ. सईदा खान ने कहा कि बीएमसी मुख्यालय के पास पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं है। इस कारण उनके ड्राइवर को सदन की बैठक पूरी होने तक वाहन के साथ मुख्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं। उन्होंने कहा कि नगरसेवक मजबूरी में सड़क किनारे वाहन खड़ा करते हैं।
आयुक्त लें संज्ञान
एमआईएम के नगरसेवक और स्थायी समिति सदस्य जमीर कुरैशी ने कहा कि मनपा सदन में बजट पर चर्चा हो रही है। सदन की बैठक 8-8 घंटे चलती है। उन्होंने कहा कि इस मामले में मुंबई मनपा आयुक्त अश्विनी भिडे को संज्ञान लेना चाहिए और इसका समाधान निकालना चाहिए।
वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराएं
भाजपा नगरसेवक खाणकर ने यह मुद्दा सदन में उठाया। उन्होंने कहा कि इस समस्या का समाधान बातचीत के जरिए निकालना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि वैकल्पिक स्थान उपलब्ध हो तो नगरसेवक वहां अपने वाहन पार्क करने को तैयार हैं।
Created On :   18 April 2026 9:50 PM IST










