- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- रेव पार्टी में ड्रग्स सप्लाई करने...
नेस्को ड्रग्स केस: रेव पार्टी में ड्रग्स सप्लाई करने वाला सातवां आरोपी ठाणे से आरोपी गिरफ्तार, आरोपी विनीत गेरलानी भी था मौजूद

Mumbai News. नेस्को ड्रग्स केस में मुंबई पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार को रेव पार्टी में ड्रग्स की सप्लाई करने वाले सातवें आरोपी को ठाणे के उल्हासनगर से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनीत सुनील गेरलानी (22) के रूप में हुई है, जो चर्चगेट स्थित जय हिंद कॉलेज में बीकॉम का छात्र है। इस गिरफ्तारी के बाद मामले में ड्रग्स नेटवर्क के कॉलेज कनेक्शन की भी जांच तेज हो गई है। गेरलानी को गिरफ्तार करने के पुलिस ने उसे बोरीवली कोर्ट में पेश किया। सुनवाई के दौरान पुलिस ने दलील दी कि रेव पार्टी में आरोपी ने बड़े स्तर पर ड्रग्स की सप्लाई की थी। वह लगातार मामले के फरार आरोपी व ड्रग्स सरगना आयुष विकी साहित्य के संपर्क में था और उसके निर्देश पर पार्टी में छात्रों समेत आए अन्य लोगों को ड्रग्स की सप्लाई कर रहा था, हालांकि आरोपी के वकील आजाद गुप्ता और अमित मिश्रा ने आरोप को बेबुनियाद बताते हुए दलील दी कि उनके मुवक्किल के पास से कोई भी ड्रग्स बरामद नहीं हुई है और आयुष से सिर्फ उसका आर्थिक लेन देन सिर्फ निजी व्यवहार के चलते है। ड्रग्स की सप्लाई में उसकी कोई भूमिका नहीं है। दोनो पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने गेरेलानी समेत सभी 7 आरोपियों को 18 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।
पुलिस को जांच के दौरान लोकेशन डाटा के आधार पर पता चला कि 11 अप्रैल को हुई नेस्को रेव पार्टी में आरोपी गेरेलानी न सिर्फ मौजूद था, बल्कि पार्टी में ड्रग्स सप्लाई में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा था, हालांकि वह पार्टी में थोड़ी देर से पहुंचा था। पुलिस को मिले तकनीकी सबूतों के अनुसार,वह लगातार फरार ड्रग्स सरगना आयुष साहित्य के संपर्क में था। दोनों के बीच स्नैपचैट के जरिए बातचीत होती थी, जिससे ड्रग्स की डीलिंग और नेटवर्क ऑपरेट किया जा रहा था। गेरलानी को इस पूरे रैकेट में आयुष का राइटहैंड माना जा रहा है। उसके मोबाइल फोन की जांच में ड्रग्स की खरीद-बिक्री से जुड़े कई डिजिटल सबूत और ट्रांजैक्शन डिटेल्स सामने आए हैं। इस मामले में पहले से गिरफ्तार 6 आरोपियों के सीडीआर जांच में मोस्ट कॉलर रूप में गेरलानी का नाम सामने आया था। जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ और डिजिटल फॉरेंसिक जांच के बाद उसकी इस पूरे नेटवर्क में संलिप्तता मिलने पर उसे गिरफ्तार किया गया।
Created On :   16 April 2026 8:57 PM IST










