सावधान!: राज्य में भीषण गर्मी का कहर, सरकार ने जारी की एडवाइजरी, जिला स्तर पर हीट एक्शन प्लान लागू करने के निर्देश

राज्य में भीषण गर्मी का कहर, सरकार ने जारी की एडवाइजरी, जिला स्तर पर हीट एक्शन प्लान लागू करने के निर्देश
  • धिकांश जिलों में भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया
  • सरकार ने जारी की एडवाइजरी

Mumbai News राज्य के अधिकांश जिलों में भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। विदर्भ में गुरुवार को तापमान सबसे ज्यादा दर्ज किया गया है। अकोला में पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि अमरावती में 43.8 और सोलापुर में 43.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। भीषण गर्मी और लू की स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने नागरिकों के लिए अलर्ट जारी किया है। आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन ने बताया कि गर्मी से बचाव के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) लागू की गई है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि जरूरी सावधानी बरतें और तेज धूप में बाहर निकलने से बचें।

क्या करें नागरिक?

महाजन के अनुसार नागरिकों को अधिक से अधिक पानी और ओआरएस का घोल पीने, हल्के और ढीले कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। बाहर जाते समय सिर को ढकने के लिए टोपी या छाता इस्तेमाल करें। दोपहर 12 से 4 बजे के बीच धूप में निकलने से बचें और संभव हो तो घर के अंदर रहें। बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। साथ ही शराब और कैफीनयुक्त पेय पदार्थों से दूरी बनाए रखें। बच्चों या जानवरों को बंद वाहन में छोड़ने से सख्त परहेज करने की सलाह दी गई है।

प्रशासन को निर्देश

सरकार ने प्रशासन को सार्वजनिक जगहों पर पीने के पानी की व्यवस्था करने और जिला स्तर पर हीट एक्शन प्लान लागू करने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों में जरूरी दवाइयों और ओआरएस का पर्याप्त स्टॉक रखने को कहा गया है। स्कूलों के समय में जरूरत के अनुसार बदलाव, जन जागरूकता अभियान और सार्वजनिक कार्यक्रमों में छाया व पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके अलावा मजदूरों, किसानों और बाहर काम करने वाले लोगों को सुबह या शाम के समय काम करने, बीच-बीच में आराम करने और लू के लक्षणों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

Created On :   16 April 2026 9:32 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story