लोकसभा: अरविंद सावंत के बयान पर लोकसभा में हंगामा, बृजभूषण - सेंगर का नाम लेकर भाजपा पर साधा निशाना

अरविंद सावंत के बयान पर लोकसभा में हंगामा, बृजभूषण - सेंगर का नाम लेकर भाजपा पर साधा निशाना
  • निशिकांत ने आदित्य ठाकरे का जिक्र कर किया पलटवार
  • सावंत के बयान पर लोकसभा में हंगामा

New Delhi News. लोकसभा में गुरुवार को शिवसेना (उद्धव) सांसद अरविंद सावंत के एक बयान की वजह से हंगामे की स्थिति बन गई। सावंत के दिए बयान पर भाजपा के निशिकांत दुबे ने तीखी आपत्ति जताई, जिसके बाद सदन में दोनों पक्षों के बीच नोंकझोंक देखने को मिली। संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण पर चर्चा चल रही थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद अरविंद सावंत ने महिला आरक्षण पर अपनी बात रखते हुए भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह और कुलदीप सिंह सेंगर का नाम लेकर सत्तापक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को संबोधित करते हुए कहा कि हमें नहीं भूलना चाहिए कि बृजभूषण शरण सिंह और कुलदीप सिंह सेंगर किस पार्टी के हैं। उनके इतना कहते ही भाजपा के कुछ सदस्यों ने नारेबाजी शुरू कर दी। बिरला ने दोनों पक्षों को शांत कराते हुए सावंत से कहा कि वह संसद में किसी पर आरोप नहीं लगा सकते।

इस बीच, भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि अगर बृजभूषण और सेंगर की बात होगी तो आदित्य ठाकरे की भी चर्चा होगी, उसने भी ‘हीरोइन’ को मार दिया। दुबे के इतना कहते ही दोनों पक्षों के बीच नोंकझोंक शुरु हो गई। हालांकि, लोकसभा अध्यक्ष ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। उल्लेखनीय है कि कुलदीप सेंगर उत्तर प्रदेश में भाजपा के पूर्व विधायक सेंगर पर बलात्कार का आरोप है, जबकि पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह पर कई महिला पहलवानों ने गंभीर आरोप लगाए थे।

Created On :   16 April 2026 7:54 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story