Mumbai News: विधान परिषद की उपसभापति गोर्हे ने राहुल का पोस्टर जूता मारकर फाड़ा, कांग्रेस बोली- दोबारा विधायकी के लिए है किया

विधान परिषद की उपसभापति गोर्हे ने राहुल का पोस्टर जूता मारकर फाड़ा, कांग्रेस बोली- दोबारा विधायकी के लिए है किया
  • कांग्रेस ने नीलम पर साधा निशाना
  • राहुल का पोस्टर जूता मारकर फाड़ा

Mumbai News. महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने संबंधित संविधान संशोधन बिल लोकसभा में गिरने के बाद अब सत्तारूढ़ दल और विपक्षी दलों की लड़ाई सड़क पर आ गई है। इस संविधान संशोधन विधेयक में लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान था। लेकिन यह विधेयक पारित नहीं होने के कारण विपक्ष के विरोध में प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा और शिवसेना (शिंदे) ने प्रदर्शन किया। सोमवार को मंत्रालय के पास स्थित बालासाहेब भवन के सामने शिवसेना (शिंदे) की नेताओं और पदाधिकारियों ने कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। विधान परिषद की उपसभापति तथा शिवसेना (शिंदे) की नेता नीलम गोर्हे ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के पोस्टर पर जूता मारकर उसको फाड़ दिया। गोर्हे ने कहा कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर दिखावटी समर्थन किया। विपक्षी दल मतदान के समय पीछे हट गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को चुनाव में महिलाओं से वोट मांगने का कोई अधिकार नहीं है। इससे नाराज प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता अतुल लोंढे ने गोर्हे पर तीखा हमला बोला। लोंढे ने कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दलों ने महिला आरक्षण का विरोध नहीं किया है। विपक्ष ने परिसीमन विधेयक का विरोध किया है। गोर्हे का विधान परिषद का कार्यकाल खत्म होने वाला है। इसलिए वह शिवसेना (शिंदे) से दोबारा विधायकी पाने के लिए इस तरह आंदोलन कर रही हैं। गोर्हे को कम से कम अपने पद की गरिमा का ख्याल रखना चाहिए था। गोर्हे से इस तरह के आंदोलन की अपेक्षा नहीं थी। इससे पहले शिवसेना (शिंदे) के आंदोलन में पार्टी विधायक मनीषा कायंदे, पूर्व सांसद संजय निरुपम, तृष्णा विश्वासराव समेत अन्य प्रमुख पदाधिकारी मौजूद थे।

Created On :   18 April 2026 9:56 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story