- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- मुंबई की रेव पार्टियों में ड्रग्स...
नेस्को ड्रग्स केस: मुंबई की रेव पार्टियों में ड्रग्स सप्लाई कराने वाला सरगना पोलादपुर से गिरफ्तार, गोवा भागने की फिराक में था आयुष साहित्य

Mumbai News. गोरेगांव स्थित नेस्को ग्राउंड में आयोजित म्यूज़िक कॉन्सर्ट की आड़ में हुई रेव पार्टी और ड्रग्स ओवरडोज के चलते हुई दो लोगों की मौत के मामले में मुंबई पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। मुंबई की वनराई पुलिस ने शुक्रवार की देर रात को रायगढ़ की पोलादपुर पुलिस के साथ संयुक्त ऑपेरशन में नेस्को समेत मुंबई की कई रेव पार्टियों में ड्रग्स सप्लाई कराने वाले मुख्य आरोपी व ड्रग्स सरगना आयुष विक्की साहित्य (24) को पोलादपुर से गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में मामले में यह नौवीं गिरफ्तारी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी आयुष साहित्य उल्हासनगर का निवासी है और घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वह मुंबई-गोवा हाईवे के रास्ते गोवा भागने की फिराक में है। इसके बाद मुंबई पुलिस ने पोलादपुर पुलिस और स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) को सतर्क किया। सूचना मिलते ही पोलादपुर पुलिस ने हाईवे पर नाकाबंदी कर जाल बिछाया और संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी। देर रात संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने आयुष साहित्य को गिरफ्तार कर लिया। मुंबई लेने के बाद उसे बोरीवली कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ उसे 20 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
वनराई पुलिस की जाँच में सामने आया है कि आयुष सिर्फ नेस्को कॉन्सर्ट ही नहीं, बल्कि मुंबई के कई हाई-प्रोफाइल रेव पार्टियों में ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क चलाता था। उसके निर्देश पर गिरफ्तार आरोपी विनीत गेरेलानी, आनंद पटेल और शुभ अग्रवाल रेव पार्टियों में ड्रग्स सप्लाई करते थे। एक अधिकारी ने बताया कि नेस्को ग्राउंड में जिस रात रेव पार्टी चल रही थी, उस दौरान आयुष खुद अंदर मौजूद था और वहीं से पूरे नेटवर्क को ऑपरेट कर रहा था। पार्टी में आने वाले लोगों तक नशीले पदार्थ पहुंचाने की जिम्मेदारी उसके गिरोह के सदस्यों पर थी। इस मामले में अपने गुर्गों के गिरफ्तार होने के बाद खुद के ऊपर खतरे को देखते हुए वह गोवा भागने की तैयारी कर ली थी। आयुष से पूछताछ में आने वाले दिनों में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। अब तक इस मामले में कुल नौ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आयुष साहित्य की गिरफ्तारी से मुंबई और गोवा तक फैले ड्रग्स नेटवर्क का बड़ा खुलासा हो सकता है।
Created On :   18 April 2026 10:17 PM IST










