विधानसभा: स्कूल बस पर पेड़ गिरने से छात्र की मौत का मामला गूंजा, बीएमसी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग

स्कूल बस पर पेड़ गिरने से छात्र की मौत का मामला गूंजा, बीएमसी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
  • पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की उठी मांग
  • बीएमसी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
  • छात्र की मौत का मामला विधानसभा में गूंजा

Mumbai News. मुंबई के चेंबूर में स्कूल बस पर पेड़ गिरने से एक मासूम छात्र की मौत का मामला बुधवार को विधानसभा में जोरदार ढंग से उठा। शिवसेना (शिंदे) विधायक तुकाराम काते ने औचित्य के मुद्दे पर सदन में उठाते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते पुराने और जर्जर पेड़ों का सर्वे कर उन्हें नहीं हटाया गया तो और भी बड़े हादसे हो सकते हैं।

तुकाराम काते ने कहा कि मुंबई में हर साल मानसून के दौरान पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आती हैं, लेकिन इसके बावजूद बीएमसी की ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाए जाते। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों की लापरवाही के कारण एक निर्दोष बच्चे की जान चली गई, इसलिए केवल जांच से काम नहीं चलेगा, बल्कि जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इस घटना में 11 बच्चे घायल हुए थे जबकि एक बच्चे की मौत हुई है। काते ने सरकार से मांग की कि बीएमसी मुंबई में पुराने, कमजोर और खतरनाक पेड़ों का व्यापक सर्वेक्षण कराए। जिन पेड़ों से लोगों की जान को खतरा है, उन्हें समय रहते हटाया जाए या उनकी छंटाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

इस दौरान शिवसेना (शिंदे) विधायक मुरजी पटेल ने भी पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अपनी ओर से मृतक छात्र के परिवार को ढाई लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। हालांकि, इतनी बड़ी घटना को देखते हुए केवल इतनी सहायता पर्याप्त नहीं है। पटेल ने राज्य सरकार से मांग की कि मृतक छात्र के परिवार को अतिरिक्त आर्थिक सहायता दी जाए, ताकि इस कठिन समय में परिवार को कुछ राहत मिल सके।

Created On :   1 July 2026 9:16 PM IST

Tags

Next Story