Mumbai Mews: तुम्हारे हाथों में लाठियां और बंदूकें होंगी, लेकिन हमारे हाथ में तिरंगा है- उद्धव ठाकरे

तुम्हारे हाथों में लाठियां और बंदूकें होंगी, लेकिन हमारे हाथ में तिरंगा है- उद्धव ठाकरे
  • तिरंगा आंदोलन से सरकार को सीधा संदेश
  • शिवाजी पार्क से किया बड़ा ऐलान

Mumbai News नीट पेपर लीक और छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में देशभर में जारी आंदोलन के बीच शुक्रवार को मुंबई के दादर स्थित शिवाजी पार्क में छात्रों का प्रदर्शन हुआ। इस तिरंगा आंदोलन में बड़ी संख्या में छात्र, युवा और नागरिक शामिल हुए। प्रदर्शन को समर्थन देने के लिए शिवसेना (उद्धव) पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे, विधायक आदित्य ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के नेता अमित ठाकरे भी पहुंचे। इस दौरान उद्धव ठाकरे ने मंच से केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए लोकतंत्र, तिरंगे और छात्रों के अधिकारों को लेकर भावुक और आक्रामक भाषण दिया। आंदोलन में शामिल लोगों को संबोधित करते हुए उद्धव ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में देश में जो माहौल बना है, वह केवल किसी एक संगठन या दल का आंदोलन नहीं, बल्कि पूरे देश की जनता की आवाज है। उन्होंने कहा कि तुम्हारे हाथ में लाठियां और बंदूकें होंगी लेकिन हमारे हाथ में तिरंगा होगा।

दिल्ली में छात्रों पर कार्रवाई का किया जिक्र : उद्धव ठाकरे ने दिल्ली में छात्रों के आंदोलन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज का जिक्र करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले छात्रों पर बल प्रयोग करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है, लेकिन ऐसा हमेशा संभव नहीं होगा। अपने भाषण के दौरान उद्धव ठाकरे ने सरकार को सीधी चेतावनी देते हुए कहा कि मैं सरकार को आगाह करना चाहता हूं। तुम्हारे हाथों में लाठियां होंगी, बंदूकें होंगी, लेकिन हमारे हाथ में तिरंगा है। इस तिरंगे से लड़ने की आज तक किसी में हिम्मत नहीं हुई। तुम लाठियां लेकर आओ, बंदूकें लेकर आओ, मैं तिरंगा लेकर आऊंगा। फिर देखेंगे कि जीत तिरंगे की होती है या हुकूमशाही की। उनके इस बयान पर आंदोलन में मौजूद लोगों ने जोरदार नारेबाजी की और तिरंगे लहराए।

रविवार के संयुक्त मार्च का भी किया जिक्र : उद्धव ठाकरे ने अपने संबोधन में कहा कि यह आंदोलन यहीं रुकने वाला नहीं है। उन्होंने बताया कि रविवार को होने वाले संयुक्त मार्च में भी बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। उन्होंने देशभर के नागरिकों से लोकतांत्रिक तरीके से इस आंदोलन का समर्थन करने की अपील की।


Created On :   24 July 2026 8:11 PM IST

Tags

Next Story