विधानसभा प्रश्नोत्तर: व्यावसायिक कोर्स में छात्राओं को 100 फीसदी और छात्रों को 50 फीसदी फीस माफी

व्यावसायिक कोर्स में छात्राओं को 100 फीसदी और छात्रों को 50 फीसदी फीस माफी
  • नियम तोड़ने वाले कॉलेजों पर होगी कार्रवाई
  • आवेदन प्रक्रिया अब पहले से आसान
  • 5 लाख छात्रों के लिए अर्न और लर्न योजना

Mumbai News. राज्य में व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की गई है। उच्च व तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटील ने विधानसभा में बताया कि छात्राओं को 100 फीसदी और छात्रों को 50 फीसदी फीस माफी देने का फैसला किया जा चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई कॉलेज इस निर्णय के बावजूद विद्यार्थियों से फीस वसूलता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में सपा विधायक रईस शेख ने प्रश्नकाल के दौरान सवाल उठाया था। यह सुविधा उन्हीं छात्र-छात्राओं को मिलेगी जिनकी सालाना आय 8 लाख रुपए कम होगी।

आवेदन प्रक्रिया अब पहले से आसान

सरकार ने छात्रवृत्ति आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए कई बदलाव किए हैं। आवेदन फॉर्म में जानकारी की संख्या 138 से घटाकर 66 कर दी है। आवश्यक दस्तावेज 17 से घटाकर 8 कर दिए गए हैं। इसके साथ ही बार-बार जाति प्रमाणपत्र या अन्य दस्तावेज जमा नहीं करने होंगे। मंत्री पाटील ने कहा कि कॉलेजों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए पहली किस्त जल्दी जारी की जाएगी। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने छात्रवृत्ति वितरण को वेतन से भी ज्यादा प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। यह नई व्यवस्था जून से लागू होगी। फॉर्म भरते समय होने वाली गलतियों को रोकने के लिए राज्य में 40 सहायता केंद्र शुरू किए जाएंगे। यहां छात्रों को फॉर्म भरने और तकनीकी समस्याएं हल करने में मदद मिलेगी।

5 लाख छात्रों के लिए अर्न और लर्न योजना

सरकार अर्न एंड लर्न योजना शुरू करने की तैयारी कर रही है। इसके तहत लगभग 5 लाख छात्रों को लाभ मिलेगा। हर महीने छात्रों को 2 हजार रुपए का अतिरिक्त मानधन मिलेगा। छात्र वृक्षारोपण, लाइब्रेरी प्रबंधन और सामाजिक कार्यों में सहयोग कर सकेंगे। हालांकि इस योजना की अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

शहर के अनुसार मिलेगा हॉस्टल भत्ता

शहर की श्रेणी मासिक भत्ता कुल (10 महीने)

मुंबई-पुणे जैसे शहर 6000 60,000

राजस्व विभाग मुख्यालय 5100 51,000

तहसील स्तर 4800 48,000


Created On :   13 March 2026 8:12 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story