- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- बायपास सर्जरी के लिए 6 लाख का...
Mumbai News: बायपास सर्जरी के लिए 6 लाख का पैकेज, लेकिन मिल रहे सिर्फ 1 लाख

Mumbai News राज्य में चल रहे विधानमंडल के बजट सत्र में सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के लाभ को लेकर विधानसभा में सवाल उठे। भाजपा विधायक बबनराव लोणीकर ने आरोप लगाया कि राज्य के कई अस्पतालों में मरीजों को महात्मा फुले आरोग्य योजना और आयुष्मान भारत योजना का पूरा लाभ नहीं मिल रहा है। लोणीकर ने सदन में कहा कि उनके क्षेत्र के किसान विठ्ठल कदम को बायपास सर्जरी करवानी है। इस ऑपरेशन का खर्च करीब 11 लाख रुपए आता है, जबकि सरकार की योजनाओं के तहत करीब 6 लाख रुपए तक की सहायता मिलनी चाहिए। लेकिन अस्पताल की ओर से उन्हें केवल 1 लाख रुपए का लाभ मिलने की बात कही जा रही है। इस पर स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर ने सदन में जवाब देते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं में बायपास समेत कई सर्जरी के तय पैकेज हैं और मरीज को एक भी रुपया देने की जरूरत नहीं होती।
आबिटकर ने कहा कि जब आयुष्मान भारत योजना को राज्य की महात्मा फुले आरोग्य योजना से जोड़ा गया, तब उपचार के पैकेज भी बढ़ाए गए। अगर कोई अस्पताल नियमों का पालन नहीं कर रहा है या मरीजों से पैसे मांग रहा है तो उसका नाम बताया जाए, सरकार तुरंत जांच कर कार्रवाई करेगी। स्वास्थ्य मंत्री ने सभी विधायकों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, ग्रामीण अस्पताल और जिला अस्पतालों के माध्यम से इन योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करवाने में सहयोग करें, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर इलाज मिल सके।
कैशलेस योजना में पैसे मांगने वाले अस्पतालों पर सख्त कार्रवाई: 12 अस्पताल योजना से बाहर, 60 लाख का जुर्माना
राज्य में सरकारी कैशलेस स्वास्थ्य योजनाओं के तहत मरीजों से पैसे मांगने वाले अस्पतालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर ने सोमवार को विधानसभा में स्पष्ट कहा कि इन योजनाओं के तहत इलाज पूरी तरह मुफ्त है और यदि कोई अस्पताल मरीज से पैसे लेता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रश्नकाल के दौरान मंत्री ने बताया कि सरकार को अस्पतालों द्वारा मरीजों से अतिरिक्त पैसे मांगने की कई शिकायतें मिली हैं। अब तक करीब 365 शिकायतों की जांच की जा चुकी है। जांच के बाद नियमों का उल्लंघन करने वाले अस्पतालों से करीब 60 लाख रुपए का जुर्माना वसूला गया है। इसके साथ ही 12 अस्पतालों को सरकारी योजना से बाहर कर दिया गया है।
यह भी पढ़े -महंगा हुआ गैस सिलेंडर खाद्य तेल की कीमतें भी बढ़ी, 237 मेडिकल दुकानों का लाइसेंस रद्द, मंत्री फुंडकर की गैरहाजिरी पर हंगामा, मुंबई मनपा का सरकार के पास 10 हजार 931 करोड़ बकाया
Created On :   17 March 2026 11:39 AM IST












