- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- हिंदी पत्रकारिता दिवस समारोह, भाषा...
Mumbai News: हिंदी पत्रकारिता दिवस समारोह, भाषा संवाद का माध्यम है संघर्ष का नहीं: आशीष शेलार

- मुंबई हिंदी पत्रकार संघ के समारोह में बोले मंत्री
- किसी अन्य भाषा का अपमान नहीं होना चाहिए
Mumbai News मैं मराठी भाषी हूं मुझे अपनी भाषा पर गर्व है। पर अपनी भाषा को बड़ा बनाने के लिए दूसरी भाषा का अपमान जरूरी नहीं है। हर भाषा ने समाज को कुछ न कुछ दिया है। भाषा संघर्ष नहीं संवाद का माध्यम है। भाषा लोगों को जोड़ने का माध्यम है। मराठी भाषा का सम्मान होना चाहिए पर किसी अन्य भाषा का अपमान नहीं होना चाहिए। यह बात राज्य के सूचना प्रौद्योगिकी व सांस्कृतिक मंत्री आशीष शेलार ने कही। वे हिंदी पत्रकारिता दिवस के मौके पर उत्तर भारतीय संघ भवन में मुंबई हिंदी पत्रकार संघ की तरफ से आयोजित हिंदीसेवी सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।
उन्होंने किसी का नाम लिए बैगर कहा कि भाषा के नाम पर द्वेष फैलाने वालों को छत्रपति शिवाजी और संभाजी महाराज से सीख लेनी चाहिए। मुंबई हिंदी पत्रकार संघ की ओर से उत्तर भारतीय संघ के बांद्रा पूर्व सभागृह में हिंदी पत्रकारिता दिवस पर हिंदीसेवी सम्मान समारोह के दौरान अपने संबोधन में कहा कि सच्चा पत्रकार किसी का दोस्त नहीं हो सकता, पत्रकार अपने विचार और अपने सिद्धांत का दोस्त होता है, जो लोग उसके इस तेवर का सम्मान करते हैं, पत्रकार बेशक उनका दोस्त हो सकता है।
अस्तित्व बचाने भाषा के नाम पर विद्वेष: सरनाईक :हिंदीसेवी सम्मान समारोह में राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि कुछ लोग अपने अस्तित्व को बनाए रखने के लिए भाषा के नाम पर विद्वेष फैलाने का काम करते हैं, लेकिन जनता सबको जवाब दे देती है। उन्होंने कहा कि मीरा रोड पहुंचते ही मुंह से अपने आप हिंदी निकलने लगती है। विधायक राजहंस सिंह ने कहा कि पत्रकार को आलोचना का अधिकार है। उससे नाराज नहीं होना चाहिए।
हिंदी पत्रकारिता में मराठीभाषियो का महत्वपूर्ण योगदान: द्विवेदी
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भारतीय जन संचार संस्थान (आईआईएमसी) के पूर्व महानिदेशक प्रो. संजय द्विवेदी ने हिंदी पत्रकारिता के 199 साल के सफर की विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि बाबूराव विष्णु पराड़कर, रामकृष्ण खाडिलकर, लक्ष्मणराव गर्दे व माधवराव सप्रे जैसे मराठी भाषियों ने हिन्दी पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
इनका हुआ सम्मान: कार्यक्रम में उद्योगपति ज्ञान प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पत्रकार विमल मिश्र, वरिष्ठ टीवी पत्रकार साहिल जोशी, प्रो. बृजेश मिश्र तथा वरिष्ठ पत्रकार लेखक यतेंद्र सिंह यादव को हिंदी सेवा सम्मान प्रदान किया गया। समारोह को मुंबई हिंदी पत्रकार संघ के महासचिव विजय सिंह कौशिक ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में विधायक मुरजी पटेल, संजय उपाध्याय, पूर्व मंत्री चंद्रकांत त्रिपाठी, सिद्धिविनायक मंदिर के कोषाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी, मुंबई हिंदी पत्रकार संघ के आदित्य दुबे, राजकुमार सिंह, सुरेंद्र मिश्र, अभय मिश्र, अखिलेश मिश्र, अशोक शुक्ला और हरिगोविंद विश्वकर्मा समेत शहर के राजनीति, साहित्य और पत्रकारिता जगत के प्रमुख लोग उपस्थित थे।
Created On :   31 May 2025 6:34 PM IST