- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- एक दशक में करोड़ से ज्यादा लोगों के...
Mumbai News: एक दशक में करोड़ से ज्यादा लोगों के लिए वरदान बनी 108 एम्बुलेंस सेवा

- मरीजों के एक कॉल पर पहुंच जाती है एम्बुलेंस
- एक दशक में करोड़ से ज्यादा लोगों के लिए वरदान बनी 108 एम्बुलेंस
Mumbai News. राज्य में मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए शुरू की गई ‘108 एम्बुलेंस' का पिछले एक दशक में वर्ष 2014 से 2025 के बीच राज्य के 1,09,14,055 से अधिक नागरिकों ने लाभ उठाया है। इसमें हृदय रोग से पीड़ित, दुर्घटना पीड़ित समेत गर्भवती महिलाओं का समावेश है। राज्य सरकार ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान के साथ मिलकर महाराष्ट्र आपातकालीन चिकित्सा सेवा (एमईएमएस) परियोजना 26 जनवरी 2014 से शुरू की थी। जिसके तहत महाराष्ट्र के किसी भी इलाके में टोल फ्री नंबर 108 पर संपर्क करके मुफ्त में एम्बुलेंस मंगाई जा सकती है। इस परियोजना को शुरू हुए 11 वर्ष का समय हो चुका है।
मुंबई के करीब 10 लाख लोगों ने उठाया लाभ
स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक 108 एम्बुलेंस का मुंबई के 10 लाख से ज्यादा लोगों ने लाभ उठाया है। इनमें से कोविड के 50,996 मरीजों को इस सेवा का लाभ मिला है।
इनको मिला फायदा
1,09,14,055 लोगों में से वाहन दुर्घटना में घायल 5,36,856 मरीज, मारपीट के मामलों के 91,114, जलने के 30,836, दिल के दौरे के 91,570, ऊंचाई से गिरने वाले 1,59,459 और नशे या जहर सेवन के शिकार 2,52,298 मरीजों को 108 एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। इसके अलावा 67,03,920 मरीजों ने चिकित्सा सहायता के लिए इस सेवा का लाभ उठाया है। इसके अलावा 4,218 मरीजों को एम्बुलेंस में वेंटिलेटर पर रखा गया और 156 मरीजों को डिफिब्रिलेशन किया गया।
41 हजार शिशुओं का जन्म
2014 से 2025 तक राज्य में 108 एम्बुलेंस में करीब 41,033 बच्चों का जन्म हुआ। 2018 के एक साल की अवधि में सबसे ज्यादा 11,141 बच्चों का जन्म एम्बुलेंस में हुआ था। इसके अलावा 17,39,221 गर्भवती महिलाओं को प्रसूति के लिए इस एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया है।
एम्बुलेंस की संख्या में होगी वृद्धि
राज्य में मौजूदा समय में 108 की 937 एम्बुलेंस हैं, जिन्हें बढ़ाकर 1,756 किया जाएगा। इसमें 255 एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस, 1,274 बेसिक लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस, 36 नियोनेटल एम्बुलेंस, 166 फर्स्ट रिस्पांडर बाइक, 10 सी बोट एम्बुलेंस और 15 रिवर बोट एम्बुलेंस शामिल हैं।
25 से अधिक उपकरण होंगे नए एम्बुलेंस में
5जी तकनीक से लैस नई एम्बुलेंस 25 से ज्यादा उपकरणों से लैस होगी। इसमें वेंटिलेटर, डिजिटल ऑक्सीजन डिलीवरी सिस्टम, आधुनिक स्ट्रेचर, ईसीजी सिस्टम, कार्डियक मॉनिटरिंग सिस्टम, डेटा टर्मिनल, टैबलेट पीसी, जीपीएस, कॉलर लोकेशन ट्रैकिंग, सीसीटीवी और ट्राइएज सिस्टम जैसे उपकरण शामिल होंगे। महाराष्ट्र आपातकालीन चिकित्सा सेवा (एमईएमएस) 108 परियोजना का उद्देश्य मेडिकल एप्लिकेशन ड्रोन और हेलीकॉप्टर-आधारित आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं प्रदान करना है।
Created On :   7 Sept 2025 10:52 PM IST