- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- विधान परिषद की हारी हुई तीनों...
Mumbai News: विधान परिषद की हारी हुई तीनों स्नातक सीटों पर भाजपा ने कसी कमर, 19 को नागपुर में राकांपा अजित का चिंतन शिविर

- पुणे, नागपुर और औरंगाबाद सीट के लिए नेताओं की नियुक्ति
- नागपुर में राकांपा अजित का प्रदेश स्तरीय चिंतन शिविर
Mumbai News. भाजपा ने विधान परिषद की तीन स्नातक सीटों पर अगले साल 2026 के आखिर में होने वाले चुनाव के लिए अभी से कमर कस लिया है। साल 2020 में इन तीनों पर हुए चुनाव में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था। इसलिए भाजपा ने अभी से विधान परिषद की पुणे विभाग स्नातक, नागपुर विभाग स्नातक और औरंगाबाद विभाग स्नातक सीट के लिए मतदाता पंजीयन प्रमुख नियुक्त किया है। भाजपा के प्रदेश महासचिव राजेश पांडे को पुणे विभाग स्नातक सीट की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं पूर्व विधायक सुधाकर कोल्हे को नागपुर विभाग स्नातक सीट और विधायक संजय केनेकर को औरंगाबाद विभाग स्नातक सीट के लिए नियुक्त किया गया है। इन तीनों नेताओं को संबंधित सीटों पर स्नातकों का नए सिरे से पंजीयन करना होगा। स्नातक सीटों पर वोट के लिए मतदाताओं को हर चुनाव से पहले पंजीयन करना होता है। इन तीनों सीटों पर वर्तमान विधायकों का कार्यकाल 6 दिसंबर 2026 को खत्म होगा।
भाजपा के गढ़ में कांग्रेस ने लगाया था सेंध
इसके पहले साल 2020 में हुए नागपुर विभाग स्नातक के चुनाव में कांग्रेस के विधायक अभिजीत वंजारी को जीत मिली थी। वंजारी ने लगभग पांच दशक तक भाजपा के कब्जे वाली सीट को छीना था। उन्होंने भाजपा के प्रत्याशी संदीप जोशी को हराया था। हालांकि जोशी अब विधान परिषद के सदस्य हैं। जबकि औरंगाबाद स्नातक सीट पर राकांपा (अविभाजित) के उम्मीदवार सतीश चव्हाण ने भाजपा प्रत्याशी शिरीष बोरालकर को को हराया था।
पुणे स्नातक सीट पर खींचतान के आसार
साल 2020 के विधान परिषद चुनाव में पुणे विभाग स्नातक पर राकांपा (अविभाजित) के प्रत्याशी अरुण लाड ने भाजपा उम्मीदवार संग्राम देशमुख को हराया था। लाड वर्तमान में राकांपा (शरद) के खेमे में हैं। अब भाजपा ने आगामी चुनाव के लिए फिर से तैयारी शुरू कर दी है। दूसरी ओर पुणे विभाग स्नातक पर शिवसेना (शिंदे) की तरफ से मंगेश चिवटे भी इच्छुक हैं। इससे चुनाव के समय सीट को लेकर भाजपा और शिवसेना (शिंदे) के बीच खींचतान हो सकती है। चिवटे अभी उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) हैं। वह मंत्रालय में स्थित उपमुख्यमंत्री चिकित्सा मदद कक्ष के प्रमुख भी हैं। इससे
इनका 6 दिसंबर 2026 को खत्म होगा कार्यकाल
सदस्य - सीट
अरुण लाड (राकांपा-शरद) - पुणे विभाग स्नातक
अभिजीत वंजारी (कांग्रेस) - नागपुर विभाग स्नातक
सतीश चव्हाण (राकांपा-अजित)- औरंगाबाद विभाग स्नातक
19 को नागपुर में राकांपा (अजित) का प्रदेश स्तरीय चिंतन शिविर
राकांपा (अजित) का एक दिवसीय प्रदेश चिंतन शिविर 19 सितंबर को नागपुर में आयोजित किया जाएगा। राकांपा (अजित) प्रदेशाध्यक्ष सुनील तटकरे ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस शिविर में पार्टी के वरिष्ठ नेता, मंत्री, पूर्व एवं वर्तमान विधायक, सांसद, सभी सेल के प्रदेश अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष तथा राष्ट्रीय कार्यकारिणी के नेता शामिल होंगे। तटकरे ने कहा कि इस चिंतन शिविर में युवाओं के प्रश्न, समाज के विभिन्न वर्गों की अपेक्षाएं, तकनीक और समाज की भूमिका, युवाओं की जीवन शैली और दृष्टिकोण जैसे विषयों पर नए सिरे से रणनीति बनाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही महाराष्ट्र के कोने-कोने में हर घर तक पार्टी की विचारधारा, नीतियां और योजनाएं पहुंचाने के विषय पर भी विस्तृत चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य एक मूल्याधारित लेकिन आधुनिक आवश्यकताओं का उत्तर देने वाली भविष्य की राष्ट्रवादी कांग्रेस का निर्माण करना है। यह केवल एक शिविर नहीं बल्कि महाराष्ट्र और देश के राजनीतिक भविष्य को दिशा देने वाला एक महत्वपूर्ण पड़ाव होगा जो राकांपा की राजनीतिक यात्रा में ऐतिहासिक साबित होगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस चिंतन शिविर में जो राज्यव्यापी नीति तय की जाएगी, उसके बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आगामी रणनीति की शुरुआत कब होगी, इसकी घोषणा की जाएगी।
Created On :   5 Sept 2025 9:45 PM IST