Mumbai News: 21 साल बाद उद्धव ने बहन के घर पहुंचकर मनाया भाई दूज, ठाकरे परिवार हुआ एकजुट

21 साल बाद उद्धव ने बहन के घर पहुंचकर मनाया भाई दूज, ठाकरे परिवार हुआ एकजुट
  • उद्धव और राज ठाकरे की बढ़ती नजदीकी फिर चर्चा में
  • बहन के घर पहुंचकर मनाई भाई दूज

Mumbai News. महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर ठाकरे परिवार की एकजुटता चर्चा का विषय बनी है। शिवसेना (उद्धव) पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) अध्यक्ष राज ठाकरे के बीच पिछले कुछ महीनों से बढ़ती नजदीकियों को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। भाई दूज के अवसर पर उद्धव ठाकरे 21 साल बाद अपनी चचेरी बहन जयवंती ठाकरे देशपांडे के घर पहुंचे। इससे पहले साल 2004 में उद्धव जयवंती के घर पहुंचे थे। इस मौके पर पूरा ठाकरे परिवार एक साथ नजर आया। ठाकरे परिवार के इस पुनर्मिलन ने राजनीतिक अटकलों को और हवा दे दी है।

यह पहला मौका नहीं है जब दोनों ठाकरे भाई साथ दिखे हों। इससे पहले पिछले चार महीनों में दोनों ठाकरे बंधुओं की ये आठवीं मुलाकात है। 23 दिसंबर 2024 को जयवंती के बेटे की शादी में दोनों भाई एक साथ नजर आए थे। इसके बाद 5 जुलाई 2025 को सरकार के हिंदी की अनिवार्यता के निर्णय के विरोध में दोनों भाईयों ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया था। उसके बाद से अभी तक दोनों की आठ बार मुलाकातें हो चुकी हैं।

गणेशोत्सव, मनसे के दीपोत्सव और उद्धव के जन्मदिन जैसे पारिवारिक अवसरों पर भी दोनों की मुलाकातें चर्चा मं। रही हैं। अब भाई दूज की इस मुलाकात ने फिर से ठाकरे बंधू एक मंच पर की राजनीतिक कहानी को नया मोड़ दे दिया है। हालांकि दोनों ही भाईयों ने आगामी चुनाव एक साथ लड़ने को लेकर कोई ऐलान नहीं किया है। अगर दोनों भाई आगामी चुनावों में एक साथ आते हैं तो यह भाजपा और शिंदे गुट के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकती है।

राज और उद्धव के बीच कब-कब हुई मुलाकात

  • 5 जुलाई 2025: मराठी भाषा रैली में दोनों भाई एक ही मंच पर आए।
  • 27 जुलाई 2025: राज, उद्धव के जन्मदिन पर मातोश्री पहुंचे।
  • 27 अगस्त 2025: उद्धव, राज के घर गणेश उत्सव में शामिल हुए।
  • 10 सितंबर 2025: गणेश उत्सव में फिर औपचारिक मुलाकात हुई।
  • 5 अक्टूबर 2025: संजय राऊत के पारिवारिक समारोह में दोनों परिवारों की उपस्थिति और बाद में गुप्त बैठक।
  • 12 अक्टूबर 2025 : राज अपने परिवार के साथ मातोश्री पहुंचे।
  • 17 अक्टूबर 2025 : उद्धव परिवार समेत राज के दीपोत्सव कार्यक्रम में पहुंचे।
  • 23 अक्टूबर 2025 : उद्धव और राज का परिवार बहन जयवंती के घर भाई दूज के लिए पहुंचा।

Created On :   23 Oct 2025 8:34 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story