- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- सिंगापुर की तर्ज पर मुलुंड में...
Mumbai News: सिंगापुर की तर्ज पर मुलुंड में बनेगा पक्षी उद्यान, 166 करोड़ रुपये का टेंडर

- बीएमसी ने जारी किया 166 करोड़ रुपये का टेंडर
- सिंगापुर के प्रसिद्ध जुरोंग पक्षी उद्यान का मिलेगा सहयोग
- दुनियाभर के पक्षियों को होगा बसेरा
Mumbai News. मुंबईकरों को उपनगर मुलुंड में 18 दुर्लभ प्रजातियों के पक्षियों वाला एक विश्वस्तरीय पक्षी उद्यान देखने का अवसर मिलेगा। मुंबई महापालिका (बीएमसी) ने मुलुंड (पश्चिम) के नाहुर गांव में एक पक्षी उद्यान और उससे संबंधित बुनियादी ढांचे के प्रस्तावित विकास के लिए एक टेंडर जारी किया है। यह टेंडर मनपा के भवन रखरखाव विभाग द्वारा जारी किया गया है। टेंडर जमा करने की अंतिम तिथि 19 सितंबर 2025 है। 166 करोड़ रुपये की लागत से सिंगापुर के सुप्रसिद्ध जुरोंग बर्ड पार्क की तर्ज पर यह पक्षी उद्यान बनाया जाएगा। प्रस्तावित मुलुंड पक्षी उद्यान 17,958 वर्ग मीटर के भूखंड पर बनाया जाएगा और यह भायखला स्थित वीरमाता जीजाबाई भोसले उद्यान एवं चिड़ियाघर का एक उप-केंद्र होगा। स्थानीय विधायक मिहिर कोटेचा ने बताया कि अंग्रेजों ने एक सदी पहले मुंबई में पहला चिड़ियाघर बनाया था और अब स्वतंत्र भारत में यह शहर के बीच स्थापित होने वाला पहला पक्षी उद्यान होगा। इस परियोजना की योजना बहुत बारीकी से बनाई गई है। यह पक्षी उद्यान सिंगापुर के प्रसिद्ध जुरोंग पक्षी उद्यान के साथ मिलकर इसे विश्वस्तरीय सुविधा प्रदान करेगा। इस पक्षी उद्यान से पूर्वी उपनगरों के करीब 25 लाख निवासियों के साथ-साथ नवी मुंबई और ठाणे के निवासियों को भी लाभ होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह एक प्रमुख पर्यटक आकर्षण के रूप में उभरेगा। इस पक्षी उद्यान में विशाल और प्राकृतिक आश्रय स्थल होंगे। इससे पक्षियों को उनके प्राकृतिक आवास जैसे क्षेत्र में रहने का अनुभव होगा। पक्षी उद्यान में एक खुला मैदान भी होगा जिसमें एक बड़ा झरना होगी जो पक्षी उद्यान में प्रवेश करने से पहले पर्यटकों का स्वागत करेगी।
स्थानीय विधायक मिहिर कोटेचा ने बताया कि, पक्षी उद्यान में पक्षी विशेषज्ञों द्वारा इंटरैक्टिव कार्यक्रम, कार्यशालाएं और व्याख्यान भी आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बीते अप्रैल माह में मुलुंड पक्षी उद्यान के संबंध में एक समीक्षा बैठक की थी। इसके बाद राज्य सरकार के शहरी विकास विभाग ने इस जमीन का आरक्षण बदलते हुए इसे चिड़ियाघर के लिए आरक्षित किया। इससे पहले, कोटेचा ने मुलुंड पक्षी उद्यान के प्रस्ताव को शीघ्रता से आगे बढ़ाने के लिए केंद्रीय प्राणी प्राधिकरण से भी संपर्क किया था।
दुनियाभर के पक्षियों को होगा बसेरा
इस पक्षी उद्यान में एशियाई, अफ्रीकी, ऑस्ट्रेलियाई और अमेरिकी पक्षियों का बसेरा होगा। अलग-अलग प्रजाति की पक्षियों के लिए अलग-अलग आवास तैयार किए जाएंगे। रेड ब्रेस्टेड पॅराकीट (तोता), ब्लॉसम हेडेड पॅराकीट, व्हाईट पीकॉक, मलबार ग्रे हॉर्नबिल, ब्लॅक हंस, ब्लॅक मुनिया, कोकाटू गालाह, ओस्ट्रिचेस, स्कॉलेट जैसी 18 दुर्लभ प्रजातियों के 206 पक्षी इस उद्यान में देखने को मिलेंगे।
Created On :   8 Sept 2025 9:56 PM IST