Mumbai News: एमपीएससी परीक्षा घोटाले की होगी सार्वजनिक सुनवाई

एमपीएससी परीक्षा घोटाले की होगी सार्वजनिक सुनवाई
जांच कर रहा पांच सदस्यीय आयोग

Mumbai News महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग (एमपीएससी) की नौ परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के मामले में पांच सदस्यीय आयोग जांच कर रहा है। आयोग के सदस्य सचिव तुकाराम मुंढे ने बताया कि जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने आयोग सार्वजनिक रूप से जांच के लिए सुनवाई करेगा। सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति दिलीप भोसले की अध्यक्षता वाले आयोग ने 28 अक्टूबर को अपनी पहली बैठक में जांच की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया। मुंढे ने कहा कि इच्छुक लोग कार्यवाही में शामिल हो सकेंगे, लेकिन उन्हें जांच में हस्तक्षेप करने की अनुमति नहीं होगी।

अध्यक्षों की भी जांच : आयोग प्रश्नपत्रों, उत्तर कुंजी या उसके किसी हिस्से के लीक होने की जांच करेगा। साथ ही एमपीएससी के वर्तमान और पूर्व अध्यक्षों तथा सदस्यों की भूमिका, अनियमितताओं के लिए जिम्मेदारी और आगे की कार्रवाई की जरूरत की भी पड़ताल की जाएगी।

नौ परीक्षाएं जांच के दायरे में : 2023 से 2026 के बीच आयोजित ड्रग इंस्पेक्टर परीक्षा (ग्रुप-बी), महाराष्ट्र ग्रुप-बी अराजपत्रित सेवा संयुक्त प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा, ग्रुप-सी संयुक्त प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा, महाराष्ट्र कृषि सेवा मुख्य परीक्षा, खाद्य एवं औषधि प्रशासन सेवा मुख्य परीक्षा तथा महाराष्ट्र सिविल और विद्युत इंजीनियरिंग सेवा की मुख्य परीक्षाएं शामिल हैं।

16 नवंबर तक शपथपत्र : आयोग ने अभ्यर्थियों, विद्यार्थियों, व्यक्तियों और पंजीकृत संगठनों से मामले से संबंधित जानकारी और दस्तावेजों के साथ 16 नवंबर 2026 तक शपथपत्र जमा करने की अपील की है। मुंढे के अनुसार, आयोग प्राप्त शपथपत्रों और दस्तावेजों की जांच करेगा। इसके बाद जरूरत के अनुसार संबंधित लोगों को गवाह के रूप में बुलाने का निर्णय लिया जाएगा।


Created On :  

Tags

Next Story