Mumbai News: एक्शन में एफडीए, अब खुदरा दुकानदारों पर कसेगा शिकंजा

Mumbai News दिवाली के दौरान लोगों को मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों से बचाने के लिए महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने जांच अभियान तेज कर दिया है। मसालों के निर्माताओं, थोक विक्रेताओं, स्टॉकिस्ट और गोदामों पर कार्रवाई के बाद विभाग का ध्यान खुदरा दुकानदारों पर होगा। दिवाली के लिए बिकने वाली मिठाई, खोवा, चिवड़ा, चकली और अन्य नमकीन खाद्य पदार्थों के साथ पैकेटबंद खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, एक्सपायरी डेट और खाद्य तेलों के मानकों की जांच की जाएगी। एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे ने बताया कि अब खुदरा स्तर पर निगरानी बढ़ाई जाएगी। जहां से उपभोक्ता सीधे खाद्य सामग्री खरीदते हैं। अक्सर त्योहारों के समय विभिन्न ऑफर के जरिए घटिया व मिलावटी सामान बेचे जाते हैं। इसलिए त्योहार के 30 दिन बाद तक कार्रवाई जारी रखेगी।
छह दिन में 13.60 करोड़ का माल जब्त : गत 6 दिन चलाए गए अभियान के दौरान मसालों के 472 प्रतिष्ठानों के निरीक्षण में 72 लाइसेंस निलंबित किए गए। 13.60 करोड़ रुपए का माल जब्त किया गया। विभाग के अनुसार राज्य में अब तक मसालों से जुड़े 1057 प्रतिष्ठानों की जांच में 84 लाइसेंस निलंबित करने के साथ 557 सुधार नोटिस जारी किए गए हैं। 19.70 करोड़ रुपए के कुल 11,963 क्विंटल मसाला उत्पाद जब्त किए गए।
यह भी पढ़े -ब्यूटी अवॉर्ड्स में लगा सितारों का मेला, अनन्या पांडे-नोरा ने लूटी महफिल, करिश्मा-दीया का भी दिखा स्टाइलिश अंदाज
कार्रवाई के लिए बनाई गई एसओपी : मुंढे के अनुसार हाल के महीनों में कारोबारियों और निरीक्षण अधिकारियों के लिए नियमों में स्पष्टता के लिए विभिन्न श्रेणियों में 15 से 16 अनुपालन आदेश जारी किए हैं। त्योहारों के दौरान कार्रवाई के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) भी तय की गई है।
Created On :  


