अटकलों पर विराम: एनडीए के साथ जाने की अटकलों पर शरद पवार का दो टूक जवाब - हम कहीं नहीं जाएंगे

एनडीए के साथ जाने की अटकलों पर शरद पवार का दो टूक जवाब - हम कहीं नहीं जाएंगे
  • आना है तो हमारे साथ आइए
  • पवार का सुनेत्रा पवार को भी अप्रत्यक्ष संदेश
  • राकांपा के दोनों गुटों के विलय की चर्चाओं पर लगाया विराम
  • पवार के बयान का अर्थ समय के साथ सामने आएगा- तटकरे

डिजिटल डेस्क, मुंबई. महाराष्ट्र की राजनीति में पिछले कई महीनों से चल रही राकांपा (शरद) के एनडीए में जाने की अटकलों पर अब खुद शरद पवार ने विराम लगा दिया है। सोमवार को पार्टी के एक कार्यक्रम में पवार ने स्पष्ट कर दिया है कि उनकी पार्टी न तो एनडीए के साथ जाएगी और न ही किसी अन्य दल के साथ विलय करेगी। उन्होंने कहा कि हम कहीं नहीं जाएंगे, आना है तो हमारे साथ आइए। दरअसल पवार की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनकी मुलाकात के बाद इन चर्चाओं को और हवा मिली थी। जिन पर अब पवार ने विराम लगा दिया है।

शरद पवार ने अपनी पार्टी के कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं के बीच कहा कि मेरे बारे में अलग-अलग चर्चाएं चल रही हैं। मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि हम कहीं नहीं जाएंगे, हम किसी के साथ नहीं जाएंगे। अगर आना है तो हमारे साथ आइए। पवार के इस बयान को अजित गुट और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के लिए भी अप्रत्यक्ष राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। पिछले कुछ समय से राकांपा के दोनों गुटों के संभावित विलय की चर्चा भी राजनीतिक गलियारों में थी। शरद पवार के ताजा बयान से फिलहाल इन अटकलों को भी झटका लगा है। उनकी पार्टी महाराष्ट्र में विपक्षी राजनीति के अपने मौजूदा रुख पर कायम रहने की बात कर रही है।

पवार के बयान का अर्थ समय के साथ सामने आएगा- तटकरे

राकांपा के दोनों गुटों में संभावित विलय और एनडीए के साथ जाने की चर्चाओं पर शरद पवार द्वारा स्पष्ट रुख अपनाए जाने के बाद राकांपा (अजित) प्रदेशाध्यक्ष सुनील तटकरे ने पलटवार करते हुए कहा कि शरद पवार पिछले छह दशक से देश का नेतृत्व कर रहे हैं। उनके बयानों का अर्थ कई बार तुरंत समझ नहीं आता। इसलिए उनके बयान का जवाब समय के साथ ही सामने आएगा। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि तटकरे के बयान ने क्या दोनों गुटों के विलय में कोई गुंजाइश छोड़ी है।

Created On :   28 Sept 2026 9:52 PM IST

Tags

Next Story