नौकरियों के अवसर: 29 सितंबर को रोजगार महाकुंभ की होगी शुरुआत, कोंकण और नाशिक में 418 से अधिक रोजगार मेले

29 सितंबर को रोजगार महाकुंभ की होगी शुरुआत, कोंकण और नाशिक में 418 से अधिक रोजगार मेले
  • 25 हजार से ज्यादा नौकरियों के अवसर
  • 29 सितंबर को रोजगार महाकुंभ की होगी शुरुआत
  • इंटरव्यू से पहले प्रशिक्षण

डिजिटल डेस्क, मुंबई. महाराष्ट्र के युवाओं को रोजगार के सीधे अवसर उपलब्ध कराने के लिए ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय विश्वविक्रमी रोजगार महाकुंभ महाराष्ट्र’ का शुभारंभ 29 सितंबर 2026 को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों होगा। कार्यक्रम सुबह 11 बजे मुंबई के चर्चगेट स्थित एसएनडीटी महिला विश्वविद्यालय में आयोजित किया जाएगा। इसी दिन कोंकण और नाशिक विभाग में रोजगार मेले भी आयोजित किए जाएंगे। अभियान के तहत दोनों विभागों के 12 जिलों में 418 से अधिक रोजगार मेलों का आयोजन किया गया है। इनमें मुंबई शहर, मुंबई उपनगर, ठाणे, पालघर, रायगड, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग के साथ नाशिक, अहिल्यानगर, जलगांव, धुले और नंदुरबार जिले शामिल हैं।

25 हजार से अधिक रोजगार अवसर

इन रोजगार मेलों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर 25 हजार से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। रोजगार महाकुंभ में 1 हजार 500 से अधिक नामी कंपनियां और प्रतिष्ठान भाग लेंगे। उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता, कौशल और अनुभव को कंपनियों की उपलब्ध रिक्तियों से जोड़ने के लिए ‘उम्मीदवार रिक्ति मिलान’ प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इससे युवाओं को रोजगार के साथ-साथ उद्योगों में आवश्यक कौशल, मानव संसाधन की जरूरत और विभिन्न क्षेत्रों में करियर के अवसरों की जानकारी भी मिलेगी। कंपनियों को भी अपनी जरूरत के अनुसार योग्य उम्मीदवारों का चयन करने का अवसर मिलेगा।

इंटरव्यू से पहले प्रशिक्षण

उम्मीदवारों को नौकरी के इंटरव्यू के लिए तैयार करने के उद्देश्य से संवाद कौशल, व्यक्तित्व विकास और सॉफ्ट स्किल्स का प्लेसमेंट-पूर्व प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। रोजगार महाकुंभ में शामिल होने के लिए उम्मीदवार और उद्यमी क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीकरण कर सकेंगे। विभाग ने इच्छुक उम्मीदवारों से अधिक जानकारी और मार्गदर्शन के लिए अपने स्थानीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) अथवा जिला सहायक आयुक्त, कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार मार्गदर्शन केंद्र से संपर्क करने की अपील की है। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार, विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटील एवं अन्य लोग उपस्थित रहेंगे।

Created On :   27 Sept 2026 9:13 PM IST

Tags

Next Story