सियासी हलचल: विधान परिषद की सीटों पर महायुति में घमासान, भाजपा-शिंदे-अजित गुट आमने-सामने

विधान परिषद की सीटों पर महायुति में घमासान, भाजपा-शिंदे-अजित गुट आमने-सामने
  • शरद पवार ने अपने सांसदों और विधायकों के साथ की बैठक
  • शिंदे गुट से मंगेश चिवटे की दावेदारी
  • शरद पवार की बैठक से महाआघाडी में भी हलचल

डिजिटल डेस्क, मुंबई. महाराष्ट्र में विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटों को लेकर महायुति के भीतर सियासी हलचल तेज हो गई है। सीट बंटवारे को लेकर भाजपा और उसके सहयोगी दलों के बीच दावेदारी सामने आने लगी है। सूत्रों के अनुसार भाजपा ने पुणे की स्नातक और शिक्षक दोनों सीटों पर दावा ठोककर गठबंधन के भीतर चल रही खींचतान को सामने ला दिया है। भाजपा नेता और मंत्री चंद्रकांत पाटील ने तो यहां तक कह दिया है कि पुणे की ये दोनों सीटें भाजपा के पारंपरिक क्षेत्र रहे हैं और दोनों सीटों पर भाजपा का दावा है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि चुनाव महायुति के तौर पर लड़ने का प्रयास रहेगा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और एकनाथ शिंदे आपस में चर्चा करके उम्मीदवार और सीट बंटवारे पर फैसला करेंगे। इस बीच राकांपा (शरद) अध्यक्ष शरद पवार ने रविवार को अपने सांसदों और विधायकों के साथ चुनाव को लेकर बैठक की। विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक की कुल 5 सीटों पर 23 अक्टूबर को चुनाव होना है।

शिंदे गुट से मंगेश चिवटे की दावेदारी

पुणे शिक्षक सीट से शिवसेना (शिंदे) की ओर से उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खास मंगेश चिवटे की दावेदारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि चिवटे ने अपनी उम्मीदवारी को लेकर कुछ दिनों पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की थी। ऐसे में शिक्षक सीट को लेकर भाजपा और शिंदे गुट के बीच दावेदारी महत्वपूर्ण हो गई है। हालांकि पुणे स्नातक सीट पर अजित गुट की ओर से भी दावा किया जा रहा है। यानी महायुति के भीतर एक ओर भाजपा दोनों सीटों पर अपना पारंपरिक दावा जता रही है, वहीं सहयोगी दल भी अपने-अपने उम्मीदवार उतारने की तैयारी में दिखाई दे रहे हैं। भाजपा नेता और मंत्री जयकुमार गोरे भी कुछ दिन पहले दोनों सीटों को लेकर भाजपा की दावेदारी जता चुके हैं। उन्होंने कहा था कि महायुति के तौर पर चुनाव लड़ने का प्रयास किया जाएगा, लेकिन जरूरत पड़ने पर भाजपा अपने दम पर भी चुनाव लड़ सकती है।

शरद पवार की बैठक से महाआघाडी में भी हलचल

दूसरी ओर, महाविकास आघाड़ी में भी पुणे की इन सीटों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां बढ़ गई हैं। राकांपा (शरद) प्रमुख शरद पवार ने अपने सांसदों और विधायकों के साथ बैठक कर आगामी चुनाव को लेकर चर्चा की है। इससे विपक्षी गठबंधन की रणनीति पर भी नजरें टिक गई हैं। हालांकि आघाडी के दोनों अन्य दलों कांग्रेस और शिवसेना (उद्धव) की ओर से इस चुनाव को लेकर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है। वैसे आने वाले दिनों में सीट बंटवारे को लेकर दोनों गठबंधन में बातचीत महत्वपूर्ण रहने वाली है।

Created On :   27 Sept 2026 9:19 PM IST

Tags

Next Story