चयन: भारतीय युवा संसद के लिए यूनिवर्सिटी के 10 विद्यार्थियों का चयन, जयपुर में होने वाले आयोजन में करेंगे प्रतिनिधित्व

भारतीय युवा संसद के लिए यूनिवर्सिटी के 10 विद्यार्थियों का चयन, जयपुर में होने वाले आयोजन में करेंगे प्रतिनिधित्व

Mumbai News. राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय की ओर से भारतीय युवा संसद के लिए आयोजित चयन प्रक्रिया में 10 विद्यार्थियों का चयन किया गया है। ये विद्यार्थी राजस्थान के जयपुर में होने वाली भारतीय युवा संसद में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे। कुलगुरु डॉ. मनाली क्षीरसागर के मार्गदर्शन में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर स्कूल ऑफ लॉ में चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। इसमें विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों के 130 विद्यार्थियों ने भाग लिया।

चयन प्रक्रिया का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता और वक्तृत्व कौशल विकसित करने के साथ ही सामाजिक एवं राष्ट्रीय मुद्दों की समझ तथा संसदीयो कार्यप्रणाली से परिचित कराना था। विद्यार्थियों के प्रदर्शन के आधार पर परीक्षक मंडल ने 10 विद्यार्थियों का चयन किया। अब ये विद्यार्थी जयपुर में आयोजित भारतीय युवा संसद में विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखते हुए विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।

प्रक्रिया में विद्यार्थी विकास विभाग के प्रभारी संचालक डॉ. विजय तांगड़े और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर स्कूल ऑफ लॉ के संचालक डॉ. रविशंकर मोर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। परीक्षक मंडल में प्रबंधन परिषद के सदस्य वामन तुर्के, अण्णासाहेब गुंडेवार महाविद्यालय के प्रा. प्रवीन भागडीकर तथा गोविंदराव वंजारी कॉलेज ऑफ लॉ की पूर्व प्राचार्य डॉ. स्नेहल फडणवीस शामिल थीं।

आयोजन को सफल बनाने में डॉ. प्रवीणा खोब्रागड़े, डॉ. अधरा देशपांडे, कार्यक्रम समन्वयक प्रा. ममता गोमासे, डॉ. प्रवीणा उराड़े और यशश्री गोडे ने प्रयास किए। विश्वविद्यालय प्रशासन ने चयनित विद्यार्थियों से जयपुर की युवा संसद में प्रभावी और उत्कृष्ट प्रतिनिधित्व की अपेक्षा जताई है।

Created On :   31 Aug 2026 5:49 PM IST

Tags

Next Story