- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- जरूरतमंद 101 छात्रों को साइकिल...
सम्मान समारोह: जरूरतमंद 101 छात्रों को साइकिल वितरित, दयाशंकर तिवारी ने कहा - लक्ष्य और स्वप्न पूर्ति के लिए अध्यात्म का आधार लें

Nagpur News. हिंदी भाषीय ब्राह्मण विकास संघ, नागपुर की ओर से 10वीं और 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों के सम्मान समारोह का आयोजन 29 अगस्त को जवाहर विद्यार्थी गृह में किया गया। संघ के अध्यक्ष डॉ. बच्चू पांडेय और सचिव विजय तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित समारोह में पूर्व महापौर एवं नागपुर शहर भाजपा अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। कार्यक्रम में श्रीकांत दुबे, श्रीकांत कुलकर्णी, अखिल विश्व सरयूपरीन ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष राम नारायण मिश्रा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती की वंदना से हुई। इसके बाद अतिथियों का पुष्पगुच्छ, शाल और श्रीफल देकर स्वागत किया गया। डॉ. बच्चू पांडेय ने कार्यक्रम की प्रस्तावना रखी।
मुख्य अतिथि दयाशंकर तिवारी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीवन में लक्ष्य प्राप्ति और स्वप्न पूर्ति के लिए वेद-शास्त्र एवं अध्यात्म का आधार लेना चाहिए। उन्होंने युवाओं को पश्चिमी सभ्यता के बढ़ते प्रभाव और सामाजिक विकृतियों से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने हिंदी भाषी ब्राह्मण समाज के नागरिकों से हिंदी भाषी निवासी प्रमाणपत्र बनवाने तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के पात्र नागरिकों से ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र बनवाने का आह्वान किया। उन्होंने इस कार्य में हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
यह भी पढ़े -विदर्भ के प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर, ताडोबा-गोरेवाड़ा को जोड़कर बढ़ाएं पर्यटकों का ठहराव
‘अमृत’ के महानिदेशक श्रीकांत कुलकर्णी ने 18 वर्ष से अधिक आयु के युवक-युवतियों को शासन की विभिन्न प्रशिक्षण एवं ऋण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। महाराष्ट्र फार्मास्युटिकल एसोसिएशन के पदाधिकारी श्रीकांत दुबे ने प्रतिभावान विद्यार्थी सार्थक मोहन तिवारी का सम्मान किया। भारतीय स्टेट बैंक मुख्य शाखा के व्यवस्थापक पंकज मिश्रा ने शुभम दुबे और गीत गायन पुरस्कार विजेता सौम्या पलिये का सत्कार किया।
कार्यक्रम में 17 वर्षीय दृष्टिबाधित तैराक ईश्वरी कमलेश पांडे का विशेष सम्मान किया गया। ईश्वरी ने तैराकी में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर अनेक स्वर्ण पदक और पुरस्कार प्राप्त किए हैं। एक दिव्यांग विद्यार्थी का भी सम्मान कर उसे हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की घोषणा की गई।
समारोह में उपस्थित करीब 300 छात्र-छात्राओं को 1100 रुपये मूल्य का शैक्षणिक साहित्य, बैग, रजिस्टर, सम्मान प्रतीक, अंगवस्त्र और प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं, जरूरतमंद 101 विद्यार्थियों को साइकिल वितरित की गई। अधिवक्ता सोनू दुबे ने विद्यार्थियों से समाज में व्याप्त विकृतियों से दूर रहने का आह्वान किया।
अतिथियों ने संघ की ओर से किए जा रहे समाजसेवा कार्यों की सराहना की और संस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रेमलता तिवारी ने किया। अंत में डॉ. बच्चू पांडेय ने अतिथियों, विद्यार्थियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में एडवोकेट जगत बाजपेई, अशोक शुक्ला, सुधीर पांडेय, सचिन शुक्ला, अंबरीश दुबे, हेमंत कुमार पांडेय, सौरभ शुक्ला, शत्रुघ्न तिवारी, संजय पांडेय, भूपेंद्र मिश्रा, प्रवीण तिवारी, मुकेश मिश्रा, पद्मदेव दुबे, सुभाषचंद्र उपाध्याय, अजय मिश्रा, रवि गुप्ता, अंजू पांडेय, नीतू नायक सहित संघ के सदस्यों का सहयोग रहा।
Created On :   30 Aug 2026 9:19 PM IST












