जांबाज तैराकों का सम्मान: अंबाझरी तालाब में कूदी किशोरी की प्रशिक्षु तैराकों ने बचाई जान, मुस्तैदी देख पुलिस ने बढ़ाया हौसला

अंबाझरी तालाब में कूदी किशोरी की प्रशिक्षु तैराकों ने बचाई जान, मुस्तैदी देख पुलिस ने बढ़ाया हौसला
  • मुस्तैदी से पानी में उतरे शार्क एक्वाटिक क्लब के तैराक, पुलिस ने किया सम्मानित
  • घबराई किशोरी ने तैराकों को भी पकड़ा, कुछ पल के लिए सभी की जान पर बन आई
  • अपर पुलिस आयुक्त विनिता साहू ने साहसी तैराकों का सत्कार कर बढ़ाया हौसला

Nagpur News. अंबाझरी तालाब में कूदकर जान देने की कोशिश कर रही 16 वर्षीय किशोरी की शार्क एक्वाटिक क्लब के प्रशिक्षु तैराकों ने मुस्तैदी दिखाते हुए जान बचा ली। अपनी जान की परवाह किए बिना तालाब में उतरे इन जांबाज तैराकों के साहस और तत्परता की पुलिस ने सराहना की। सीताबर्डी पुलिस थाने में आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस आयुक्त विनिता साहू ने तैराकों का सत्कार कर उनका उत्साह बढ़ाया।

सीताबर्डी क्षेत्र की 16 वर्षीय किशोरी घर से बिना बताए निकल गई थी। बाद में उसका सुसाइड नोट मिलने पर परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने फुटेज के आधार पर किशोरी की तलाश शुरू की। इसी दौरान अंबाझरी तालाब में एक किशोरी के कूदने की सूचना पुलिस को मिली।

घटना की जानकारी मिलते ही तालाब में तैराकी का प्रशिक्षण देने वाले शार्क एक्वाटिक क्लब के सदस्यों ने बिना समय गंवाए बचाव अभियान शुरू किया। क्लब के सदस्य अक्षय नवले, इशांत पांडे, राजनंदिनी समर्थ, लावण्या राउत, राहुल लांजेवार और श्रीमथ मुले तुरंत तालाब में उतर गए। मूकबधिर तैराकी प्रशिक्षक विजय सरदार के नेतृत्व में प्रशिक्षु तैराकों ने किशोरी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

घबराई किशोरी ने तैराकों को भी पकड़ा

बचाव अभियान के दौरान किशोरी काफी घबराई हुई थी। पानी से बाहर निकालने के प्रयास में उसने तैराकों को भी जोर से पकड़ लिया। इससे कुछ क्षण के लिए स्थिति बेहद जोखिमपूर्ण हो गई और तैराकों की जान भी खतरे में पड़ गई। हालांकि, प्रशिक्षित तैराकों ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए किशोरी को सुरक्षित किनारे तक पहुंचाया। इसके बाद किशोरी को तत्काल लता मंगेशकर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत सुरक्षित बताई गई है।

पुलिस ने जांबाज तैराकों का किया सम्मान

किशोरी की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सभी तैराकों का सीताबर्डी पुलिस थाने में सम्मान किया गया। अपर पुलिस आयुक्त विनिता साहू ने तैराकों का सत्कार करते हुए उनके साहस, तत्परता और मानवता की सराहना की।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुहास राउत, पुलिस अधिकारी यशराज पोमन, पुलिसकर्मी प्रवीण गाढवे, रत्नाकर देवकाते तथा तैराकी प्रशिक्षक विजय सरदार का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम में सीताबर्डी और अंबाझरी थाने के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Created On :   31 Aug 2026 6:14 PM IST

Tags

Next Story