हमला: अतिक्रमण हटाने पहुंचे मनपा के सहायक आयुक्त को मारने दौड़े आरोपी, दी जान से मारने की धमकी - बर्डी थाने में तीन के खिलाफ मामला दर्ज

अतिक्रमण हटाने पहुंचे मनपा के सहायक आयुक्त को मारने दौड़े आरोपी, दी जान से मारने की धमकी - बर्डी थाने में तीन के खिलाफ मामला दर्ज
  • गाली-गलौज कर कार्रवाई रोकने का प्रयास
  • बर्डी थाने में तीन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया

डिजिटल डेस्क, नागपुर। अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंचे मनपा के सहायक आयुक्त और उनकी टीम को रविवार को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई से नाराज तीन आरोपियों ने मनपा कर्मचारियों से गाली-गलौज करते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। आरोप है कि इसी दौरान वे सहायक आयुक्त को मारने के लिए दौड़े और दोबारा दिखाई देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना से कुछ देर के लिए इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी राहुल अशोक जरदार (24), शुभम यादव (25) और दुर्गेश ठाकुरे बर्डी स्थित मनपा पार्किंग प्लाजा के सामने फुटपाथ पर दुकानें लगाते हैं। मनपा के प्रवर्तन विभाग के सहायक आयुक्त संजय कांबले अपनी टीम के साथ अतिक्रमण हटाने पहुंचे थे। कार्रवाई शुरू होते ही आरोपियों ने विरोध करते हुए कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की और कार्रवाई में बाधा डालने का प्रयास किया।

आरोप है कि मामला बढ़ने पर तीनों सहायक आयुक्त को मारने के लिए दौड़े। साथ ही धमकी देते हुए कहा कि दोबारा वहां दिखाई दिए तो जान से मार देंगे। हंगामे के कारण कुछ समय तक कार्रवाई प्रभावित रही। बाद में कांबले की शिकायत पर बर्डी पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।

Created On :   14 Sept 2026 9:16 PM IST

Tags

Next Story