- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- मनोज जरांगे पाटिल पर आपत्तिजनक...
Hingoli News: मनोज जरांगे पाटिल पर आपत्तिजनक पोस्ट से तनाव, दो गुटों में हुआ जमकर विवाद

- मनोज जरांगे पाटिल के बारे में एक आपत्तिजनक वीडियो वायरल
- समझाइश के बाद दोनों गुटों में विवाद समाप्त
Hingoli News. जिले की बसमत तहसील के भेंडेगांव ग्राम में मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जरांगे पाटिल के बारे में एक आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के बाद गुरुवार रात दो गुटों में विवाद हो गया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस अधीक्षक श्रीकृष्ण कोकाटे स्वयं कुरुंदा पुलिस स्टेशन पहुंचे और भीड़ को शांत कराया। देर रात तक चली समझाइश के बाद दोनों गुटों में विवाद समाप्त हुआ।
जानकारी के अनुसार, भेंडेगांव निवासी एक व्यक्ति का मनोज जरांगे पाटिल पर आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के बाद दूसरे गुट के कुछ युवक भेंडेगांव पहुंचे और उस व्यक्ति को खोजने लगे। घर पर वह व्यक्ति न मिलने पर युवकों ने उसके बेटे से जवाब-तलब किया। इसी दौरान मामूली हाथापाई हो गई। घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण भेंडेगांव पहुंच गए और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
कुछ ग्रामीण सीधे कुरुंदा पुलिस स्टेशन पहुंचे और मामला दर्ज करने की मांग की। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोकाटे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश मीणा तत्काल कुरुंदा पहुंचे। सहायक पुलिस निरीक्षक रामदास निरदोडे, बसमत ग्रामीण एपीआई गजानन बोराटे, बसमत शहर एपीआई शंकर डेडवाल, उपनिरीक्षक शिवाजी बोंडले सहित बसमत ग्रामीण व बसमत शहर थानों के पुलिसकर्मियों को मौके पर बुलाया गया। इसके अलावा दंगा नियंत्रण दल और त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) को भी तैनात किया गया।
पुलिस अधीक्षक कोकाटे ने देर रात तक ग्रामीणों से चर्चा कर शांति बनाए रखने की अपील की, जिसके बाद स्थिति नियंत्रण में आई।
इस बीच, सदाशिव खराटे की शिकायत पर संभाजी सोनटक्के, गजानन सोनटक्के और पिंटू सोनटक्के के खिलाफ आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित कर दो गुटों में तनाव फैलाने का प्रयास करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच उपनिरीक्षक करामुंगे कर रहे हैं।
Created On :   19 Sept 2025 9:14 PM IST