- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- रामटेक में फिल्म सिटी बनने से सपने...
Nagpur News: रामटेक में फिल्म सिटी बनने से सपने होंगे साकार,बाॅलीवुड और नागीवुड का जुड़ेगा कनेक्शन
- विदर्भ के कलाकारों को उड़ान भरने का मिलेगा मौका
- स्थानीय कलाकारों और फिल्म निर्माताओं में उत्साह
Nagpur News संतरानगरी के रामटेक नवरगांव में फिल्म सिटी बनने की खबर से स्थानीय कलाकारों और फिल्म निर्माताओं में उत्साह है। इससे नागपुर की संस्कृति और कला को नया आयाम मिलेगा। उम्मीद है कि फिल्म सिटी निर्माण पर जल्द काम शुरू होगा। नागपुर में फिल्म सिटी बनने से स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलने के साथ ही रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। नागपुर व विदर्भ के विविध स्थानों पर फिल्म निर्देशक कुक्की चौहान, नितीन बंसोड, कमलजीत, विजय गुमगांवकर, छत्रपाल निनावे, अनिल सहाणे, सुबोध नागदेवे सहित कई लोगों ने फिल्मों की शूटिंग की है। यहां 60 एकड़ जमीन पर इसे बनाने की योजना है। उसके बाद आस-पास की जगह को लेकर उसका विस्तार किया जाएगा।
पहले भी फिल्म सिटी बनाने का प्रयास हो चुका है : नागपुर में पहले भी फिल्म सिटी बनाने के लिए प्रयास हो चुका है। रामा डैम के पास, फिर कुंवारा भिवसेन में बनाया जाना था। फिल्म निर्देशक नागराज मुंजले ने भी रुचि दिखाई थी। इस बार सांस्कृतिक मंत्री आशीष शेलार ने निरीक्षण कर रामटेक में फिल्म सिटी को फाइनल कर दिया है। कुछ कलाकारों ने इस पर प्रतिक्रिया दी है।
हर चीज मुंबई और हैदराबाद से मंगानी पड़ती है : नागपुर में फिल्म सिटी बन रही यह अच्छी बात है। यहां पर इसकी जरूरत है। आज हर चीज मुंबई और हैदराबाद से मंगानी पड़ती है। कैमरा, ट्राली, जिम्मीजिप, लाइट की सही सुविधा नहीं है। नागपुर में कलाकारों के लिए कोई प्लेटफार्म नहीं है। हर कोई मुंबई में जाकर स्ट्रगल करता है। पहले भी नागपुर में फिल्म सिटी बनाने के प्रयास हुए हैं। अब निर्माण होना चाहिए, तभी यहां फिल्म निवेशक, निर्माता आकर फिल्में बनाएंगे। -देवेंद्र दोड़के, सिने कलाकार
घोषणा के साथ फिल्म सिटी का काम पूरा हो : नागपुर के कई कलाकार अपना परचम मुंबई में लहरा रहे हैं, चाहे वह फिल्म निर्माता, निर्देशक राजकुमार हिरानी हों, संगीतकार रामलक्ष्मण हों या फिर अभिनेता शाहबाज खान हों। यह अच्छी पहल होेने जा रही है। घोषणा के साथ फिल्म सिटी का काम पूरा होना चाहिए, ताकि यहां के कलाकारों को मुंबई के लोगों के साथ काम करने का मौका मिल सके। - सैयद मुमताज, मिमिक्री व वरिष्ठ कलाकार
लोकेशन और सेट उपलब्ध होंगे : रामटेक में फिल्म सिटी का निर्माण हो रहा है, बहुत खुशी की बात है। यहां के निर्माताओं के लिए अधिक खुशी की बात है। अच्छी लोकेशन, अच्छे सेट रामटेक में उपलब्ध हो सकते हैं। कैमरामैन, लाइट्समैन, मेकअप मैन, सेट डिजाइनर सभी को यहां काम मिलेगा। सांस्कृतिक मंत्री आशीष शेलार का यह कदम बेहद सराहनीय है। -राजेश चिटणीस, नाट्यकर्मी व सिने कलाकार
फिल्म बनाने के लिए अच्छी जगह है : रामटेक फिल्म सिटी के लिए सबसे बेहतरीन जगह है। यह विदर्भ के निर्माता-निर्देशकों और संघर्षशील लोगों के लिए एक सुनहरा तोहफा है। यह घोषणा हमें और ज्यादा फिल्मी कलाकार बनाने के लिए प्रोत्साहित करती है। यह एक अच्छी पहल है। मुंबई से टेक्निकल टीम को बुलाना छोटे निर्माताओं के लिए बहुत खर्चीला होता है। -कमलजीत मरास, फिल्म निर्माता, निर्देशक
कलाकारों को मिलेगा काम : फिल्म सिटी बनने से नागपुर के कलाकारों काे मुंबई जाने की जरूरत नहीं होगी। उन्हें यहां पर बनने वाली फिल्मों, धारावाहिकों में काम मिलेगा। यह नागपुर के कलाकारों के लिए अच्छी शुरुआत है। -सोनू चौरसिया, सिने कलाकार
संस्कृति और भाषा को विश्व मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा : नागपुर में फिल्म सिटी बनने की संभावनाएं न केवल स्थानीय कलाकारों के लिए नए अवसर प्रदान करेंगी, बल्कि विदर्भ की संस्कृति और भाषा को भी विश्व मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। विदर्भ में बनी घात, स्थल, जयंती, जैसी फिल्मों ने साबित किया है कि विदर्भ की पृष्ठभूमि पर बनी कहानियां विश्व स्तर पर दर्शकों को आकर्षित कर सकती हैं। इन फिल्मों ने न केवल पुरस्कार जीते, बल्कि व्यावसायिक सफलता भी हासिल की। इसके लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। -अजय गंपावार, चीफ को-ऑर्डिनेटर, पुणे इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल, नागपुर एडिशन
विदर्भ के कलाकार आएंगे आगे : रामटेक में फिल्म सिटी बनने के सपने ने यहां के कलाकारों में संजीवनी का काम किया है। यहां के कलाकार अब आगे आकर अपने हुनर को आसानी से दिखा सकेंगे। नागपुर में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। - सुनील हिरेकन, वरिष्ठ कलाकार
Created On :   19 Sept 2025 12:59 PM IST