- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- मुंबई में महायुति, बाकी जगह स्वबल...
Nagpur News: मुंबई में महायुति, बाकी जगह स्वबल पर चुनाव लड़ने की तैयारी, छवि के कार्यकर्ताओं की तलाश

- राकांपा अजित गुट में साफ छवि के कार्यकर्ताओं की तलाश
- स्वबल पर चुनाव लड़ने की तैयारी
Nagpur News. मुंबई महानगरपालिका का चुनाव महायुति लड़ेगी। बाकी मनपा सहित अन्य निकाय चुनाव महायुति के मित्रदल स्वबल पर लड़ेंगे। राकांपा के चिंतन शिविर में इस विषय पर भी गहन चर्चा हुई। चुनाव के लिए कम समय है। लिहाजा, राकांपा अजित गुट में इच्छुक उम्मीदवार के तौर पर साफ छवि के कार्यकर्ताओं की तलाश है। शुक्रवार को चिंतन शिविर के दौरान राकांपा के कार्याध्यक्ष प्रफुल पटेल ने संवाद माध्यम से चर्चा में कहा है कि उनकी पार्टी स्वबल पर चुनाव लड़ने का प्रयास कर रही है। इससे अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को चुनाव लड़ने का मौका मिलेगा। लेकिन मुंबई मनपा में महायुति चुनाव लड़ेगी। राकांपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी के अनुसार राज्यसभा सदस्य सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में चुनाव रणनीति संबंधी समूह चर्चा में भी यह मुद्दा प्रमुखता से सामने आया। जिसमें कहा गया है कि कम समय में चुनाव तैयारी करना है। इसके लिए जीत की संभावना वाले युवा कार्यकर्ताओं व अन्य दलों के साफ छवि के कार्यकर्ताओं को विशेष प्राथमिकता के साथ राकांपा में प्रवेश दिया जाए।
तटकरे ने की स्थिति साफ
गुरुवार को पत्रकार वार्ता में राकांपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने भी गठबंधन को लेकर स्थिति साफ की थी। उन्होंने जोर देकर कहा था कि मुंबई मनपा का चुनाव निश्चित ही महायुति लड़ेगी। एक सवाल पर तटकरे ने कहा-मुंबई में मनपा चुनाव लड़ने के लिए हमारे पर कोई दबाव नहीं है। गठबंधन के संबंध में महायुति में समन्वय समिति है। समिति के सामने पहले यह विषय आया था कि सभी जगह महायुति मिलकर चुनाव लड़े। लेकिन देखा गया है कि अलग-अलग क्षेत्र की राजनीतिक स्थिति अलग-अलग है। नागपुर, अमरावती, पुणे, संभाजीनगर व मुंबई में मित्रदलों के नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संपर्क किया है। सभी दल अपने कार्यकर्ता को अधिक से अधिक उम्मीदवारी दिलाने का प्रयास कर रहे हैं। 1999 में स्थापना के बाद से ही राकांपा ने मुंबई में मनपा चुनाव की तैयारी की। लेकिन अन्य क्षेत्रों की तुलना में राकांपा को मुंबई में अधिक सफलता नहीं मिल पायी। राकांपा की संख्या 14 तक ही सीमित रही। इस पूरे मामले पर आत्मपरीक्षण किया गया है। इसलिए मुंबई में महायुति चुनाव लड़ेगी। राकांपा अधिक से अधिक उम्मीदवारी पाने का प्रयास करेगी।
Created On :   19 Sept 2025 9:06 PM IST