- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- संजय गांधी निराधार योजना के...
ऑनलाइन प्रक्रिया: संजय गांधी निराधार योजना के लाभार्थियों को देना होगा जीवन प्रमाणपत्र, रोका जा सकता है मासिक अनुदान

डिजिटल डेस्क, नागपुर। संजय गांधी निराधार योजना और श्रावणबाल सेवा राज्य निवृत्तिवेतन योजना के लाभार्थियों को हर साल अपना जीवन प्रमाणपत्र (लाइफ सर्टिफिकेट) जमा करना अनिवार्य है। निर्धारित समय में प्रमाणपत्र जमा नहीं करने पर लाभार्थी का 1,500 रुपए का मासिक अनुदान रोका या बंद किया जा सकता है। प्रशासन ने जिन लाभार्थियों ने अब तक प्रमाणपत्र जमा नहीं किया है, उन्हें जल्द से जल्द ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।
इन दोनों योजनाओं के माध्यम से बुजुर्ग, निराधार, दिव्यांग और विधवा महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपए की आर्थिक सहायता दी जाती है। नागपुर शहर में करीब 70 हजार लाभार्थी इन योजनाओं का लाभ ले रहे हैं। शहर को उत्तर, दक्षिण, पूर्व, पश्चिम, मध्य और दक्षिण-पश्चिम नागपुर सहित छह विधानसभा क्षेत्रों में विभाजित किया गया है।
सरकार के 7 मई 2026 के निर्णय के अनुसार, अब ‘बेनिफिशियरी वेरिफिकेशन सिस्टम’ (बीएसए एप) के माध्यम से डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र ऑनलाइन जमा करना जरूरी किया गया है। कई लाभार्थियों ने अभी तक अपना जीवन प्रमाणपत्र जमा नहीं किया है। ऐसे लाभार्थी अपने मोबाइल पर बीएसए एप डाउनलोड कर प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसके अलावा नजदीकी ‘आपले सरकार सेवा केंद्र’ में जाकर भी जीवन प्रमाणपत्र ऑनलाइन जमा किया जा सकता है।
यह भी पढ़े -हिंदी केवल भाषा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कारों और एकता की पहचान है, विद्यार्थियों ने पेश की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
तकनीकी परेशानी होने पर कार्यालय में संपर्क करें
जिन लाभार्थियों के अंगूठे या फिंगरप्रिंट का मिलान नहीं हो रहा है अथवा अधिक उम्र या दिव्यांगता के कारण ऑनलाइन प्रक्रिया में तकनीकी परेशानी आ रही है, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ जिलाधीश कार्यालय स्थित संजय गांधी योजना कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। वहां उनकी समस्या का समाधान करने की व्यवस्था की गई है।
निवासी उपजिलाधीश अनूप खांडे ने बताया कि निर्धारित समय में जीवन प्रमाणपत्र ऑनलाइन जमा नहीं करने पर संबंधित लाभार्थी का अनुदान रोका या बंद किया जा सकता है। इसलिए सभी पात्र लाभार्थियों से समय रहते प्रमाणपत्र जमा करने की अपील की गई है।
Created On :   21 Sept 2026 8:08 PM IST











