जांच शुरु: ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन अध्यक्ष समेत दो के खिलाफ मामला दर्ज, मनपा टैक्स निरीक्षक को धमकाने और 30 हजार मांगने का आरोप

ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन अध्यक्ष समेत दो के खिलाफ मामला दर्ज, मनपा टैक्स निरीक्षक को धमकाने और 30 हजार मांगने का आरोप
  • आरोपी ने पलटकर निरीक्षक पर 20 हजार रुपए रिश्वत मांगने का लगाया आरोप
  • मकान का टैक्स कम कराने और नाम में सुधार के लिए भेजी गई थी अर्जी
  • मनपा टैक्स निरीक्षक को धमकाने और 30 हजार रुपए मांगने का आरोप

डिजिटल डेस्क, नागपुर. मनपा के टैक्स निरीक्षक को कथित तौर पर धमकाने और रुपए की मांग करने के आरोप में ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष तरविंदरसिंह उर्फ कुक्कु मारवाह समेत दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता मनपा के आशी नगर जोन में कार्यरत सुरज मोहन स्वामी (57) हैं। आरोपियों में प्रमोद भागचंदानी और कश्मीरी गली निवासी तरविंदरसिंह उर्फ कुक्कु मारवाह (62) शामिल हैं। कुक्कु मारवाह ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं।

जानकारी के अनुसार, कुक्कु मारवाह अपने मकान का संपत्ति कर कम कराने के साथ ही नाम में आवश्यक दुरुस्ती करवाना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने प्रमोद भागचंदानी को आवेदन लेकर आशी नगर जोन कार्यालय भेजा था। 26 जून 2026 को स्वामी ने आवेदन प्राप्त किया। आरोप है कि इसके बाद काम कराने को लेकर प्रमोद ने उनके साथ धौंस जमाते हुए गाली-गलौज की।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मामले को निपटाने के लिए 30 हजार रुपए की मांग की गई और रकम नहीं देने पर झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि प्रमोद इसी तरह अन्य लोगों के काम लेकर जोन कार्यालय आता है। काम नहीं होने अथवा दस्तावेजों में त्रुटियां निकालकर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के खिलाफ आरटीआई के माध्यम से जानकारी हासिल करने के बाद रुपए की मांग किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

निरीक्षण के बाद 20 हजार रुपए रिश्वत मांगने का आरोप

वहीं, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष कुक्कु मारवाह ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए मनपा कर्मचारी पर ही रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मनपा कर्मचारी टैक्स वसूली के सिलसिले में उनके घर आया था। उस दौरान स्वामी ने मकान का निरीक्षण किया था। मारवाह के अनुसार, उन्होंने मकान का टैक्स कम करने के लिए कहा था, लेकिन टैक्स कम करने के बजाय बढ़ा दिया गया। इसके बाद शिकायतकर्ता ने कथित तौर पर 20 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी। दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।

Created On :   21 Sept 2026 8:25 PM IST

Tags

Next Story