निशाना: आठवले ने कहा - राष्ट्रीय पार्टी की मान्यता के लिए 5 राज्यों में लड़ेंगे चुनाव, बोले- ममता दीदी ने किया बंगाल को कंगाल

आठवले ने कहा - राष्ट्रीय पार्टी की मान्यता के लिए 5 राज्यों में लड़ेंगे चुनाव, बोले- ममता दीदी ने किया बंगाल को कंगाल
  • पार्टी एनडीए के साथ मिलकर कुछ सीटों पर चुनाव लड़ेगी
  • बंगाल को ममता दीदी ने कंगाल कर दिया, इसलिए वहां भाजपा की सरकार होना जरूरी

Nagpur News. रिपा (आठवले) के अध्यक्ष केंद्रीय सामाजिक न्याय राज्यमंत्री रामदास आठवले ने कहा कि राष्ट्रीय पार्टी की मान्यता मिलने के लिए पार्टी एनडीए के साथ मिलकर आगामी 5 राज्यों में होनेवाले विधान सभा चुनाव में भाग लेगी। रवि भवन में पत्रकारों से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि असम, केरल, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु व पुड्डुचेरी में हाे रहे विधान सभा चुनाव में पार्टी एनडीए के साथ मिलकर कुछ सीटों पर चुनाव लड़ेगी। पार्टी को इन राज्यों में कितनी सीटों पर लड़ना है, इस बारे में चर्चा हो रही है। पश्चिम बंगाल को ममता दीदी ने कंगाल कर दिया, इसलिए वहां भाजपा की सरकार होना जरूरी है। पार्टी को अस्थायी तौर पर गन्ना किसान यह चुनाव चिन्ह मिला है। उन्होंने कहा कि संविधान बदलने का कांग्रेस का मुद्दा अब नहीं चलेगा। संविधान बदलने का अधिकार किसी को नहीं है।

जाति उपवर्गीकरण का समर्थन

उन्होंने जाति उपवर्गीकरण का समर्थन करते हुए कहा कि किसी जाति पर अन्याय न होते हुए यह काम होना चाहिए। अनुसूचित जाति में कई ऐसी जातियां हैं, जिनका विकास नहीं हो सका है। उन पिछड़ी जातियों के विकास के लिए सरकार जो जाति उपवर्गीकरण कर रही है, उसका पार्टी समर्थन करती है। राज्य सरकारें जाति उपवर्गीकरण कर सकती है। सभी जातियों को लाभ मिलना चाहिए। एससी की जगह एससी को ही मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वीजेएनटी को स्वतंत्र आरक्षण मिलना चाहिए। वीजेएनटी को राजनीति में भी आरक्षण मिलना चाहिए।

सभी गुटों की एकता के लिए एक कदम पीछे हटने को तैयार : केंद्रीय राज्यमंत्री आठवले ने कहा कि रिपा के सभी गुट एक होकर लड़े तो एक बड़ी राजनीतिक ताकत बन सकती है। सभी गुटों की एकता के लिए मैं एक कदम पीछे हट सकता हूं। प्रकाश आंबेडकर, गवई व कवाडे सभी एक होते हैं, तो यह समाज के लिए अच्छा होगा। सभी गुट एक होने पर प्रकाश आंबेडकर पार्टी के अध्यक्ष बने, इसके लिए मैं तैयार हूं। रिपा गुटों की एकता के लिए मैं सकारात्मक हूं।

ट्रोसिटी में निर्दोष को न फंसाए : उन्होंने कहा कि दलितों पर अत्याचार करनेवालों पर एट्रोसिटी एक्ट के तहत कार्रवाई होनी चाहिए। किसी निर्दोष को एट्रोसिटी में नहीं फंसाना चाहिए। जिन्होंने अत्याचार किया, उन पर ही एट्रोसिटी एक्ट लगना चाहिए।

युद्ध रुकना चाहिए : उन्होंने कहा कि मिडल ईस्ट में जारी युद्ध रुकना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अमेरिका, इजराइल व ईरान से अच्छे संबंध हैं। पीएम मोदी मध्यस्थता कर सकते हैं। मोदी इसमें से मार्ग निकालेंगे, ऐसी उम्मीद है। जब तक मोदी हैं, तब तक मराठी माणूस के प्रधानमंत्री बनने की संभावना नहीं है। हिंसा बंद हो, हमें युद्ध नहीं, बुद्ध चाहिए।

भाजपा मेरा विचार करती है, कार्यकर्ताओं का नहीं

उन्होंने कहा कि भाजपा मेरा विचार करती है, मेरे कार्यकर्ताओं का नहीं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से एक एमएलसी, 1-2 महामंडल का अध्यक्ष पद, महामंडल के 40-50 सदस्य पद, डीपीडीसी में जगह देने की मांग की है। मुख्यमंत्री फडणवीस के साथ इस बारे में चर्चा हुई है।

पेट्रोल-डीजल पर विपक्ष राजनीति न करे : उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल व गैस पर विपक्ष ने राजनीति नहीं करनी चाहिए। उन्होंने मिडल ईस्ट में जारी युद्ध का विरोध करते हुए मुस्लिम भाइयों को रमजान ईद की शुभकामनाएं दीं। कहा-युद्ध के विरोध में ही मुस्लिम भाइयों ने काले कपड़े पहनकर ईद मनाई।

बाबा मेरे पास आते है : उन्होंने कहा कि श्रद्धा होनी चाहिए, अंधश्रद्धा नहीं। दिल्ली में कई बाबा मुझे बुलाते है, लेकिन मैं नहीं जाता। बाबा खुद ही मेरे पास आते हैं। भोंदू बाबा से लोगों ने दूर रहना चाहिए। भोंदू बाबा अशोक खरात को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। बाबा के पास जाए बगैर ही मुझे सत्ता मिलती है। रुपाली चाकणकर को भोंदू बाबा के पास जाना नहीं चाहिए था।

Created On :   22 March 2026 6:39 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story