- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- करंट लगाकर बाघ का शिकार करने वाले 6...
Nagpur News: करंट लगाकर बाघ का शिकार करने वाले 6 लोगों को दबोचा
- डीआरआई नागपुर की सिवनी में बड़ी कार्रवाई
- 59 हड्डियां व 9 नाखून बरामद
Nagpur News डीआरआई (डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस) नागपुर और मध्यप्रदेश के वन विभाग की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सिवनी में टाइगर का शिकार करने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक टाइगर की 59 हड्डियां और 9 नाखून बरामद किए गए हैं।
शव जंगल में दफना दिया था : मध्यप्रदेश वन विभाग के अनुसार, आरोपियों ने सिवनी के रूखड़ रेंज के खापा गांव के जंगल में टाइगर का करंट लगाकर शिकार किया था। उन्होंने टाइगर के नाखून और हड्डियों के अलावा अन्य अंग निकाल लिए थे। नाखून और हड्डियों को अलग-अलग आरोपियों ने अपने पास रख लिए थे और टाइगर के शव को जंगल में दफना दिया था। उसका लगभग 15 दिन पुराना सड़ा-गला शव बरामद किया गया।
ग्राहक बनकर पकड़े आरोपी : डीआरआई नागपुर की टीम ने ग्राहक बनकर दो आरोपियों को पकड़ा, जिनकी निशानदेही पर चार अन्य आरोपी पकड़ में आ गए। आरोपियों के तार कहां तक जुड़े हैं, इसका पता लगाया जा रहा है? माना जा रहा है कि आरोपियों का कनेक्शन दूसरे राज्यों के तस्करों से भी जुड़े हो सकते हैं। पकड़े गए शिकारियों खापा निवासी विनोद इरपाचे व प्रहलाद, पांडेर निवासी सोहनलाल कुशराम, खरेखा खुर्द निवासी भीमराज, गोपालपुर कटंगी निवासी लकेश पटले व खेना राम पटले से पूछताछ की जा रही है।
लाखों में बिकते हैं अंग : टाइगर के अंगों की देश के साथ ही विदेश में भी डिमांड रहती है। शिकारियों से जुड़े तस्कर इनकी सप्लाई करते हैं। टाइगर की खाल 5 लाख रुपए तक में बिकती है। वहीं नाखून 25 से 30 हजार रुपए तक में बेचे जाते हैं। मूंछ के बाल तंत्र-मंत्र और जादू-टोना में इस्तेमाल किया जाता है और हड्डियों से यौनवर्धक दवाइयां भी बनाई जाती हैं।
डीएफओ ने ये बताया : सिवनी के डीएफओ गौरव मिश्र ने बताया कि डीआरआई नागपुर के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई करते हुए टाइगर के 6 शिकारियों को पकड़ा गया है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इनका नेटवर्क कहां तक था।
Created On :   10 July 2025 11:25 AM IST