- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- कई स्थानों पर नागरिकों को सुरक्षित...
Nagpur News: कई स्थानों पर नागरिकों को सुरक्षित निकाला, 60 से अधिक का रेस्क्यू

- एकतानगर में 15 नागरिक फंसे
- नरसाला में 3 स्थानों से 28 नागरिक रेस्क्यू
Nagpur News. बुधवार की तड़के से ही शहर में जलजमाव को लेकर सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी तुषार बाराहाते समेत पूरा दल कंट्रोल रूम में तैनात हो गया। नागरिकों की सूचना मिलते ही तत्काल संसाधनों के साथ कर्मचारियों को घटनास्थल पर भेजा गया। सुबह मनपा आयुक्त डॉ अभिजीत चौधरी, मनपा की अतिरिक्त आयुक्त वसुमना पंत, वैष्णवी बी, उपायुक्त मिलिंद मेश्राम, घनकचरा व्यवस्थापन कक्ष के उपायुक्त राजेश भगत, मुख्य स्वच्छता अधिकारी डॉ गजेन्द्र महल्ले ने भी शहर में स्थिति का जायजा लिया। दिन भर आपदा प्रबंधन के कर्मचारी तैनात रहे।
मनपा के अग्निशमन विभाग के सभी फायर स्टेशन से आपदा प्रबंधन में तैनात रहे। प्रत्येक स्टेशन में जलनिकासी पंप (होंडा पंप) कीचड़ निकालने वाले पंप (मड पंप) नाव (रेस्क्यू बोट) को दिया गया है। 30 पंप, 12 मड पंप और 13 बोट के साथ ही अन्य उपकरणों को सुचारू रखा गया। सीओसी में कंट्रोल रूम में अग्निशमन विभाग से अतिरिक्त कंट्रोल रूम को तैनात किया गया है। अग्निशमन विभाग के 160 स्थायी, 60 अस्थायी और 58 इंटर्नस को तैनाम किया गया। कंट्रोल रूम से संदेश मिलते ही फायर स्टेशन के कर्मचारी आपदा राहत कार्य में जुट गए।
60 से अधिक नागरिकों का रेस्क्यू
बरसात में जलजमाव होने से शहर में नरसाला, भगवानननगर, पारडी, कलमना, आसीनगर समेत कई इलाकों में जलजमाव हुआ। कंट्रोल रूम में आपात सहायता पाने के लिए करीब 66 कॉल बुधवार तड़के 1 बजे से मिले। इनमें से पारडी के नवकन्या नगर, कलमना के बालाजी नगर स्थित शिवमंदिर के समीप त्रिमूर्तिनगर, नरसाला मेें रेस्क्यू आपरेशन कर अग्निशमन कर्मचारियों ने नागरिकों की जान बचाई। सुबह करीब 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक लगातार बरसात से स्थिति खासी विकट हो गई थी, हालांकि सभी स्थानों पर अग्निशमन कर्मचारियों के साथ ही जोन कार्यालयों के कर्मचारियों ने पहुंचकर रेस्क्यू आपरेशन कराया।
नरसाला में 3 स्थानों से 28 नागरिक रेस्क्यू
बुधवार की सुबह करीब 9 बजे कंट्रोल रूम में नरसाला के श्मशानघाट समेत इलाके में पानी भर जाने की सूचना मिली। इसके साथ ही नागरिकों के फंसने की भी जानकारी दी गई। इस सूचना पर नरेन्द्रनगर फायर स्टेशन के प्रभारी सुरेश आत्राम और रविन्द्र मरसकोल्हे समेत 8 कर्मचारी तत्क्ाल इलाके में पहुंचे। इस दौरान श्मशानघाट परिसर से 1 नागरिक, साई कालेज परिसर से 20 कर्मचारी और प्रिन्सेस लॉन से 7 नागरिकों को बोट की सहायता से रिस्क्यू कराया गया।
एकतानगर में 15 नागरिक फंसे
पारडी इलाके में नवीननगर, नवकन्या नगर, धनगौरी नगर समेत अनेक इलाकों में खासा जलजमाव हो गया था। ऐसे में पीली नदी के बहाव से नवकन्या नगर में 2 परिवारों के सदस्यों के फंसने की सूचना मिली। इस सूचना के आधार पर अग्निशमन विभाग के कलमना के प्रभारी अकलीम शेख के नेतृत्व में 20 कर्मचारियों का दल पहुंचा। इस दौरान नेहरूनगर जोन के भी कर्मचारी पहुंच गए थे। दोनों के संयुक्त अभियान में दोनों परिवार के 15 सदस्यों को रस्सी की सहायता से सुरक्षित निकाला गया।
धनगौरी नगर में 4 नागरिकोें को निकाला
पारडी में पवारी इलाके के धनगौरी नगर में 1 ही परिवार के 4 सदस्य पानी के जमा होने से बुरी तरह से फंस गए थे। सुबह करीब 10 बजे विधायक कृष्णा खोपड़े के साथ ही इलाके के नागरिकों से कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। इसके बाद तत्काल पहुंचकर बोट की सहायता से चारों सदस्यों को सुरक्षित निकाला। वहीं दूसरी ओर बालाजी नगर में भी कार में फंसे 4 नागरिकों को सुरक्षित रूप में निकाला गया।
ऐहतियात के लिए एनडीआरएफ की टीम
शहर में बरसात से जलजमाव और नागरी इलाकों में स्थिति का जायजा लिया जा रहा है। मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस से विधानसभा में घोषणा के बाद दोपहर में ऐहतियात के लिए एनडीआरएफ के 16 जवानों की टीम को भी सीओसी में आरक्षित ररखा गया है।
स्थिति पर पूरी निगरानी
तुषार बाराहाते, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, मनपा के मुताबिक शहर में बरसात के चलते जलजमाव होने से अनेक इलाकों में रिस्क्यू आपरेशन करना पड़ा है। करीब 9 स्थानों पर बेसमेंट में भी पानी जमा हुआ है। अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों को पूरी तरह से संसाधनों के साथ तैनात रखा गया है। पर्याप्त संख्या में होंडा पंप, मड पंप, बोट समेत अन्य सामग्री उपलब्ध है। स्थिति पर पूरी निगरानी की जा रही है।
Created On :   9 July 2025 8:24 PM IST