Nagpur News: पूर्व महापौर व भाजपा शहर अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी भी आए साइबर ठगों के निशाने पर, वाट्सएप अकाउंट हैक

पूर्व महापौर व भाजपा शहर अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी भी आए साइबर ठगों के निशाने पर, वाट्सएप अकाउंट हैक
ठगी की कोशिश, आरोपी ने 57 हजार मांगकर मचाया हड़कंप

Nagpur News शहर के पूर्व महापौर व भाजपा शहर अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी का व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर साइबर ठगों ने उनके कुछ परिचितों से 57 हजार रुपए मांगने की कोशिश की। मंगलवार शाम करीब 4.30 से 5.30 बजे के बीच कई लोगों को “हाय” मैसेज के साथ पैसे की डिमांड भेजी गई। मोबाइल फोन ब्लॉक होने का बहाना बनाकर तत्काल मदद मांगी गई। शुरुआत में कुछ लोगों को शक हुआ, लेकिन जब परिचितों ने सीधे दयाशंकर तिवारी को फोन किया तो पूरा मामला सामने आया कि उनका व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो चुका है। साइबर आरोपी ने लोगों को एक यूपिन नंबर भेजकर उसमें पैसे ट्रांसफर करने को कहा था।

तिवारी ने पैसे न भेजने की अपील की : सबसे पहले एक सतर्क मीडिया कर्मी से ही साइबर आरोपी ने मैसेज भेजकर पैसे की मांग की थी। स्थिति की गंभीरता समझते हुए तिवारी ने तुरंत वीडियो संदेश जारी कर सभी से अपील की कि कोई भी व्यक्ति उनके नाम पर पैसे न भेजे। साथ ही उन्होंने अलग-अलग नंबरों से अपने परिचितों को मैसेज कर सतर्क किया, खासकर उन लोगों को जिनसे ठगों ने संपर्क साधा था। इस मामले की शिकायत भाजपा आईटी सेल के प्रमुख शिशिर त्रिपाठी ने साइबर पुलिस थाने में दर्ज कराई है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हैकर ने किस तकनीक या सॉफ्टवेयर के जरिए अकाउंट हैक किया। साइबर पुलिस ने भी नागरिकों से अपील की है कि ऐसे मामलों में तुरंत शिकायत दर्ज कराएं और किसी भी संदिग्ध लिंक या मैसेज से दूर रहें।

सतर्कता बरतें, संदेश को जांचें : अगर किसी परिचित के नाम से अचानक पैसे मांगने का मैसेज आए, तो बिना पुष्टि किए कभी पैसे ट्रांसफर न करें। पहले सीधे कॉल करके सत्यता जांच लें। साइबर ठग अब पहचान का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं, इसलिए हर मैसेज को जांचना जरूरी है। - दयाशंकर तिवारी, पूर्व महापौर व भाजपा शहर अध्यक्ष, नागपुर


Created On :   29 April 2026 1:32 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story