हलकान यात्री: 30 घंटे से अधिक लेट संतरागाछी–एलटीटी एक्सप्रेस, भीषण गर्मी में यात्रियों की हालत खराब, न पानी न भोजन की व्यवस्था

30 घंटे से अधिक लेट संतरागाछी–एलटीटी एक्सप्रेस, भीषण गर्मी में यात्रियों की हालत खराब, न पानी न भोजन की व्यवस्था
  • स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था पर सवाल
  • जगह-जगह रुकने से यात्री परेशान
  • भीषण गर्मी में यात्रियों की हालत खराब

Nagpur News. मंगलवार को संतरागाछी से लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) के लिए रवाना हुई स्पेशल ट्रेन नंबर 01042 यात्रियों के लिए बेहद कष्टदायक साबित हुई। निर्धारित समय से करीब 30 घंटे से अधिक की देरी से चल रही इस ट्रेन ने यात्रियों को भारी परेशानी में डाल दिया। गंतव्य तक पहुंचते-पहुंचते कई यात्रियों की हालत बिगड़ गई।

यात्रियों के अनुसार ट्रेन में पेंट्रीकार की सुविधा नहीं थी। न पीने के पानी की समुचित व्यवस्था थी और न ही भोजन उपलब्ध था। बीच-बीच में घंटों तक ट्रेन के खड़े रहने और रुक-रुककर चलने के कारण भीषण गर्मी में यात्रियों को अत्यधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों ने बताया कि यह सफर उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से थका देने वाला रहा।


यह भी पढ़े -विधान परिषद चुनाव की हलचल, चौंकाने वाले निर्णय के बढ़े आसार, चर्चा में बने हुए हैं कई बड़े नाम

गर्मियों के मौसम में शादी-विवाह और स्कूलों की छुट्टियों के चलते ट्रेनों में भीड़ बढ़ जाती है। नियमित ट्रेनों में सीट न मिलने पर यात्री स्पेशल ट्रेनों का सहारा लेते हैं, लेकिन इन ट्रेनों में अक्सर बुनियादी सुविधाओं का अभाव देखने को मिलता है। ट्रैक उपलब्ध न होने के कारण इनका समय से संचालन भी प्रभावित होता है, जिसका सीधा असर यात्रियों पर पड़ता है।

संतरागाछी–एलटीटी एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 01042) की यह स्थिति एक बार फिर स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्थाओं और समयबद्धता पर सवाल खड़े करती है।

क्या बोले यात्री

मुंबई के अंश यादव ने कहा वो संतरागाछी से एलटीटी के लिए इस ट्रेन में सवार हुआ थे, लेकिन इस सफर ने बेहद थका दिया। 30 घंटे से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी ट्रेन गंतव्य तक नहीं पहुंची। अब स्पेशल ट्रेन में बैठने से पहले कई बार सोचेंगे।

नागपुर के पंकज चापले ने बताया वो नागपुर से मुंबई के लिए इस ट्रेन में बैठे। ट्रेन बार-बार रुक रही थी, कभी स्टेशनों के बीच तो कभी लंबे समय तक खड़ी रहती है। तेज धूप और गर्मी में हाल बेहाल हो गया है। पीने का पानी भी उपलब्ध नहीं है।


Created On :   28 April 2026 8:19 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story