उजड़ गया संसार: शादी में शामिल होने निकला परिवार, रास्ते में हुआ हादसे का शिकार - एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत

शादी में शामिल होने निकला परिवार, रास्ते में हुआ हादसे का शिकार - एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत
  • तीन साल की मासूम भी हादसे की शिकार
  • एक सदस्य गंभीर रूप से घायल
  • कामठी के खैरी निवासी एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत

Nagpur News. खुशियों के सफर पर निकला एक परिवार कुछ ही पलों में गहरे मातम में बदल गया। कामठी तालुका के खैरी गांव निवासी एक ही परिवार के तीन सदस्यों की वरुड के पास हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि एक सदस्य गंभीर रूप से घायल है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। नागपुर में हादसे की खबर पहुंचते ही शोक का माहौल फैल गया।

जानकारी के अनुसार, विनायक कॉलोनी, खैरी निवासी नांदणे परिवार करीब एक वर्ष पहले यहां आकर बसा था। परिवार के सदस्य अपनी कार से अकोला में एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान वरुड के पास मोड़ लेते समय कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में कार की आगे की सीट पर बैठे 62 वर्षीय समाधान किसनराव नांदणे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 28 वर्षीय किरण गोपाल नांदणे और तीन वर्षीय मासूम दीया नांदणे ने भी दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक दृश्य ने हर किसी की आंखें नम कर दीं।

दुर्घटना में 34 वर्षीय गोपाल समाधान नांदणे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक तीनों की जान जा चुकी थी।

यह हादसा न सिर्फ एक परिवार की खुशियां छीन ले गया, बल्कि एक मासूम समेत तीन जिंदगियों को भी लील गया। शादी की खुशी में निकला यह सफर उस परिवार के लिए आखिरी साबित हुआ। खैरी गांव में शोक की लहर है और हर कोई इस घटना से स्तब्ध है।

Created On :   28 April 2026 8:41 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story