अपने का सितम: बार-बार घर छोड़कर जाने और तलाक की धमकी देती थी पत्नी, तंग आकर पति ने लगा ली फांसी

बार-बार घर छोड़कर जाने और तलाक की धमकी देती थी पत्नी, तंग आकर पति ने लगा ली फांसी
  • नंबर ब्लॉक करने से आहत था पति
  • पत्नी के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज

Nagpur News. घरेलू विवाद के चलते एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस प्रकरण में पत्नी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार, महेंद्र नगर निवासी 35 वर्षीय मोहित जीतेंद्र उर्फ चंद्रबोसे देसाई का विवाह 30 वर्षीय पूजा (मूल निवासी बापदेव, तहसील मौदा, वर्तमान में सूरत, गुजरात) से हुआ था। दोनों ने कोर्ट मैरिज की थी।

बताया जाता है कि 21 जुलाई 2025 को दोनों के बीच घरेलू विवाद हुआ, जिसके बाद पूजा घर छोड़कर चली गई। मोहित ने कई बार माफी मांगते हुए उसे वापस लाने का प्रयास किया और करीब एक महीने बाद वह लौट आई। इसके बाद दोनों लष्करीबाग में किराए के मकान में रहने लगे, लेकिन उनके बीच विवाद लगातार जारी रहा।

कुछ समय बाद पूजा फिर से मायके चली गई। मोहित ने उसे मनाने के कई प्रयास किए, लेकिन वह वापस नहीं आई। आरोप है कि इसी दौरान आपसी समझौते के नाम पर मोहित पर तलाक का दबाव बनाया जा रहा था, जबकि मोहित संबंध बचाने की कोशिश कर रहा था। बाद में पूजा ने उसका मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया।

पत्नी के बार-बार घर छोड़कर जाने से आहत मोहित ने 12 फरवरी को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभ में मामले को आकस्मिक मृत्यु के रूप में दर्ज किया गया था।

मोहित की मां नीलिमा देसाई (56) की शिकायत पर पांचपावली थाने में पूजा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Created On :   28 April 2026 9:03 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story