एडवांटेज विदर्भ: नागपुर निवेशकों का हब बनेगा, राणे ने कहा - विदर्भ में निवेश का बड़ा अवसर

नागपुर निवेशकों का हब बनेगा, राणे ने कहा - विदर्भ में निवेश का बड़ा अवसर
  • गडकरी ने कहा-हर मदद के लिए हमेशा तैयार
  • राणे ने कहा-विदर्भ में निवेश का बड़ा अवसर
  • फडणवीस ने कहा - विकसित भारत के लिए संवैधानिक कर्तव्य का पालन करें
  • नागपुर विद्यापीठ परिसर में एडवांटेज विदर्भ का उद्घाटन

डिजिटल डेस्क, नागपुर। विदर्भ में काेयला, बिजली समेत अन्य संसाधन व मूलभूत सुविधाएं बड़े प्रमाण में उपलब्ध हैं। इसलिए निवेशकों के लिए विदर्भ में निवेश करना बड़ा अवसर है। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग मंत्री नारायण राणे ने कहा कि निवेशकों को इस अवसर का लाभ उठाना चाहिए। शनिवार को राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विद्यापीठ परिसर में एडवांटेज विदर्भ का उद्घाटन हुआ। बतौर अध्यक्ष केंद्रीय मंत्री नारायण राणे ने कहा कि विदर्भ में क्या किया जा सकता है, कहां किस तरह का विकास हो सकता है, किस तरह का निर्माण किया जा सकता है, किस जिले के लिए कौन-सा उद्योग उपयोगी व लाभदायी साबित हो सकता है, इसका पूरा अभ्यास केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को है। यह दोनाें नेता विदर्भ के लिए डबल इंजन हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत में ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी में नए भारत में अपना विदर्भ दिखने को होना। इसलिए सभी उद्यमियों ने सामने आना चाहिए।

हर हाल में विदर्भ का विकास होना चाहिए : गडकरी

केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी ने कहा कि विदर्भ का विकास करने के लिए क्या कर सकते हैं, इस पर विचार मंथन करने के लिए एडवांटेज विदर्भ का आयोजन किया गया है। विदर्भ में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करा देने के लिए हमारा प्रयास शुरू है। पानी, बिजली, जरूरी सुविधाएं, विस्तारित रास्ते, तकनीक समेत अन्य कोई किसी भी मदद के लिए वे हमेशा तैयार हैं। उन्होंने कहा कि अब हर हाल में विदर्भ का विकास होना चाहिए। उन्हाेंने स्वास्थ्य, अभियांत्रिकी, औषधि, पर्यटन, होटल व्यवसाय व अन्य लॉजिस्टिक कंपनियों से बड़ी संख्या में विदर्भ में निवेश करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि नागपुर निवेशकों का हब बनेगा।

सुविधाएं उपलब्ध करा दी जाएंगी

राज्य के सांस्कृतिक कार्य व वन मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने निवेशकों को संबोधित करते हुए कहा कि विदर्भ में वन, पानी, बिजली व जमीन उपलब्ध है। यहां उद्योग खड़े करने के लिए जो सुविधाएं चाहिए, वह उपलब्ध करा दी जाएगी। एमआईडीसी की तर्ज पर वन विभाग आधारित एमआईडीसी प्रायोगिक तौर पर चंद्रपुर में शुुरू की जा रही है। मुनगंटीवार ने बताया कि एडवांटेज विदर्भ में उद्याेग समूहों की प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। एसोसिएशन फॉर इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट की तरफ से विचार मंथन प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रातुम नागपुर विद्यापीठ के कुलगुरु डॉ. सुभाष चौधरी, वीएनआईटी के संचालक प्रमोद पडोले, सांसद कृपाल तुमाने, सांसद सुनील मेंढे, सांसद अशोक नेते, सांसद अनिकल बाेंडे, सांसद प्रफुल पटेल, विधायक आशीष जयस्वाल, मनपा आयुक्त डॉ. अभिजीन चौधरी, जिलाधिकारी डॉ. विपिन इटनकर आदि उपस्थित थे।

रियायती दरों पर देंगे बिजली : फडणवीस

उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि विदर्भ व मराठवाड़ा में उद्योग शुरू करने वाले समूहों को सहूलियत दरों पर बिजली उपलब्ध कराने का पैटर्न जल्द लागू किया जाएगा। उन्होंने निवेशकों से कहा कि किसी भी उद्योग के लिए बिजली, पानी, केंद्रीय स्थान, व अन्य मूलभूत सुविधाएं व संसाधनों की आवश्यकता होती है। विदर्भ में रास्तों की स्थिति सुधर चुकी है। समृद्धि महामार्ग के माध्यम से विदर्भ में जरूरी सप्लाई चेन तैयार हुई है। यहां बड़ा लॉजिस्टिक क्लस्टर तैयार किया जाएगा। जल्द ही इसे लॉजिस्टिक कैपिटल के रूप में दुनिया के सामने लाया जाएगा। समृद्धि महामार्ग का विस्तार गोंदिया, गडचिरोली, चंद्रपुर की तरफ किया जाने वाला है।

इसी तरह नागपुर से गोवा महामार्ग तैयार किया जा रहा है। इसे शक्तिपीठ महामार्ग कहा जाएगा। विदर्भ के कुछ शहरों के विमानतलों को अत्याधुनिक किया जाएगा। इसके साथ ही गडचिरोली में विमानतल तैयार किया जा रहा है। चंद्रपुर का काम भी जल्द पूरा होगा। चार्मोशी से तेलंगाना तक वाटर-वे बनाने का मानस है। वैनगंगा से नलगंगा तक 550 किलोमीटर का कैनाल तैयार किया जा रहा है। सात साल में यह योजना पूरी होगी।

Created On :   28 Jan 2024 12:40 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story