वारदातें: इलेक्ट्रॉनिक सामान भी ले उड़े चोर, डॉक्टर और ठेकेदार के बंद मकान से 14 लाख 31 हजार के गहने - नकद चोरी

इलेक्ट्रॉनिक सामान भी ले उड़े चोर, डॉक्टर और ठेकेदार के बंद मकान से 14 लाख 31 हजार के गहने - नकद चोरी
  • परिवार के साथ बाहर गए थे दोनों मकान मालिक
  • बजाजनगर और बेलतरोड़ी में वारदात
  • बेटी के इलाज के लिए गया था परिवार, चोरों ने तोड़ा ताला

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर में बंद मकानों को निशाना बनाने वाले चोरों ने दो अलग-अलग वारदातों में डॉक्टर और निर्माणकार्य करनेवाले ठेकेदार के घरों से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और इलेक्ट्रॉनिक सामान सहित कुल 14 लाख 31 हजार रुपए का माल चुरा लिया। पहली वारदात बजाजनगर थाना क्षेत्र के सुरेंद्रनगर में हुई, जबकि दूसरी घटना बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र के मनीषनगर में हुई। दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मां को लाने ओडिशा गए थे डॉक्टर

पहली घटना सुरेंद्रनगर स्थित प्लॉट नंबर 4 की है। यहां रहने वाले 40 वर्षीय डॉक्टर अतुल केशवराव कापसे अपने भाई के साथ मां को घर लाने के लिए भुवनेश्वर (ओडिशा) गए थे। 22 अक्टूबर को रवाना होने से पहले उन्होंने मकान पर ताला लगाया था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। आरोपियों ने बेडरूम में रखी लोहे की अलमारी को तोड़कर सोने के हार, चूड़ियां, मंगलसूत्र, कानों के आभूषण और नथ सहित अन्य गहने चुरा लिए। इसके अलावा चांदी के बर्तन और आभूषण भी समेट लिए। चोरों ने 25 हजार रुपये नकद, निकॉन कैमरा, टाइटन कंपनी की महिला घड़ी और एप्पल लैपटॉप व उसका चार्जर सहित करीब 7.16 लाख रुपए का माल चुरा ले गए। 26 अक्टूबर को डॉक्टर की शिकायत पर बजाजनगर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

बेटी के इलाज के लिए गया था परिवार, चोरों ने तोड़ा ताला

दूसरी वारदात 27 अक्टूबर को मनीषनगर की अमर संजय सोसायटी नंबर-3 में हुई। यहां रहने वाले निर्माण ठेकेदार नरेश रामजी लाडे (54) अपनी बेटी को इलाज के लिए जबलपुर हाईवे स्थित कैंसर इंस्टीट्यूट ले जाने के लिए परिवार सहित घर से निकले थे। बेटी को कैंसर होने का पता चलने के बाद परिवार उसके उपचार के लिए गया था। घर पर किसी के नहीं होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला और कुंडी तोड़ दी। घर में घुसकर आरोपियों ने करीब 53 ग्राम सोने के आभूषण, मोबाइल फोन और 1.70 लाख रुपये नकद चुरा लिए। चोरी गए गहनों में सोने की चेन, कानों के आभूषण, हार, अंगूठियां और मंगलसूत्र शामिल हैं। इस वारदात में करीब 7.15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। बेलतरोड़ी पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है। पुलिस दोनों घटनाओं में आरोपियों की पहचान करने और चोरी गया माल बरामद करने के लिए जांच कर रही है।

Created On :  

Tags

Next Story