दर्दनाक: सड़क पर खड़ा खराब ट्रक बना जानलेवा, बाइक सवार की मौत - साथी गंभीर, आउटर रिंग रोड पर हादसा

सड़क पर खड़ा खराब ट्रक बना जानलेवा, बाइक सवार की मौत - साथी गंभीर, आउटर रिंग रोड पर हादसा
  • अंधेरे में नजर नहीं आया ट्रक, चालक के खिलाफ मामला दर्ज
  • बाइक टकराने के कारण 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई

डिजिटल डेस्क, नागपुर। वाठोडा थाना क्षेत्र में सड़क पर खड़े एक खराब ट्रक से बाइक टकराने के कारण 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह हादसा 27 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8.30 बजे जबलपुर-हैदराबाद आउटर रिंग रोड पर पांढुर्णा गांव के पास साईयोग वॉशिंग सेंटर एंड लैंड डेवलपर्स के सामने हुआ। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, कान्होली गांव के आधारनगरी, डोंगरगांव के पास रहने वाले प्रवीणकुमार योगराज वालदे उम्र 27 साल अपनी दादी के निधन के बाद मित्र के साथ अंतिम संस्कार में शामिल होने गोंदिया जिले के पानगांव गए थे।

दोनों एमएच-29-सीएस-9810 नंबर की बाइक से वापस नागपुर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पर सीजी-10-एडब्ल्यू-5311 नंबर का ट्रक खराब हालत में खड़ा था। आरोप है कि ट्रक चालक धर्मेंद्रकुमार शालिकराम चौरसिया (30), निवासी बड़ी मदारी, पोस्ट सिसुआ, जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) ने वाहन को सड़क पर खतरनाक तरीके से खड़ा कर रखा था। रात के अंधेरे में बाइक सवारों को ट्रक दिखाई नहीं दिया और उनकी मोटरसाइकिल उससे जा भिड़ी।

टक्कर में प्रवीणकुमार की मौके पर ही मौत हो गई। उनके साथ यात्रा कर रहे सौरभ तोडासे (20), निवासी माटेगांव, कलंब, जिला यवतमाल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शिकायतकर्ता लुमेश सुधाकर जांभुलकर (25), निवासी कान्होली ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसके आधार पर वाठोडा पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ धारा 106(1), 281, 125(बी) तथा सहधारा 122 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

Created On :  

Tags

Next Story