नवी मुंबई में नशे के सौदागरों पर पुलिस ने कसी नकेल

नवी मुंबई में नशे के सौदागरों पर पुलिस ने कसी नकेल
  • 600 पुलिस जवानों को किया गया था तैनात
  • 06 जगहों पर चली छापे की लंबी कार्रवाई
  • विदेशी नागरिकों के खिलाफ चलाया गया अभियान
  • 75 नाइजीरियन नागरिकों को लिया हिरासत में
  • 40 को पूछताछ के बाद किया गया गिरफ्तार
  • 05 करोड़ रुपए का मादक पदार्थ हुआ जब्त

डिजिटल डेस्क, नवी मुंबई. नवी मुंबई पुलिस आयुक्तालय की हद में भारी पुलिस बंदोबस्त के बीच शुक्रवार को कुल 6 ठिकानों पर छापेमारी की गई थी। कार्रवाई में करीब 75 नाइजीरियन नागरिकों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ के बाद दोषी पाए जाने वाले 40 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। परिमंडल-1 के अंतर्गत तीन ठिकानों पर तथा परिमंडल-2 में तीन जगहों पर इस तरह से कुल 6 ठिकानों पर छापेमारी करके 4 करोड़ 94 लाख रुपए की हेरोइन, कोकिन, एमडी पावडर और ट्रामाडॉल हाइड्रोक्लोराइड जब्त किया गया है। देर रात तक चली इस कार्रवाई के दौरान जिनके कागजात सही पाए गए, उन्हें छोड़ दिया गया तथा जिनके पासपोर्ट और वीजा में खामियां पाई गई है, उन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

नवी मुंबई पुलिस आयुक्त मिलिंद भारंबे के निर्देश पर क्राइम ब्रांच पुलिस की टीम परिमंडल-1 और परिमंडल -2 में लगभग 600 पुलिस बल के साथ स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में वाशी पुलिस स्टेशन के अंतर्गत सेक्टर-11 स्थित स्टार अपार्टमेंट से 7 नाइजीरियन महिलाओं के पास से 12 लाख रुपए की 120 ग्राम कोकिन जब्त किया गया। साईदर्शन अपार्टमेंट बिल्डिंग से पांच पुरुष और दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया, जबकि कोपरखैरणे पुलिस की हद में कुलसुम हेरिटेज से छह पुरुष और तीन महिलाओं को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से 45 लाख रुपए की 450 ग्राम कोकिन तथा 10 लाख रुपए का 100 ग्राम एमडी पावडर बरामद किया गया है। इसी तरह से परिमंडल -2 में खारघर सेक्टर-27 से सात नाइजीरियन नागरिकों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से चार करोड़ 26 लाख रुपए का कोकिन, हेरोइन तथा एमडी पावडर बरामद किया गया है, जबकि सेक्टर-35 से पांच लोगों को वीजा समाप्त होने के आरोप में और सेक्टर-14 से चार नाइजीरियन नागरिकों को भी वीजा-पासपोर्ट के मामले में गिरफ्तार किया गया है। पासपोर्ट वीजा की अवधि खत्म होने के बावजूद भी बिना ये अवैध रूप से रह रहे थे।

नशे का कारोबार कतई बर्दाश्त नहीं: पुलिस आयुक्त

पुलिस आयुक्त मिलिंद भारंबे ने दैनिक भास्कर को बताया कि विदेशी नागरिकों के खिलाफ इस तरह का ऑपरेशन निरंतर जारी रहेगा। जिनके वीजा और पासपोर्ट की अवधि समाप्त हो गई थी, फिर भी यहां अवैध रूप से रहते हैं और बेखौफ होकर मादक पदार्थों को बेचने का कारोबार करते हैं, ऐसे लोगों पर नकेल कसना अब जरूरी हो गया है। मादक पदार्थों की ब्रिक्री करने वालों में अफ्रीकन नागरिकों की संख्या अधिक है। वे शहर में नशे का कारोबार तेजी से फैला रहे हैं, लेकिन नशा के सौदागरों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, इसलिए इन पर अंकुश लगाना बहुत ही जरूरी हो गया है।


Created On :   3 Sep 2023 12:30 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story