रजत जयंती समारोह: बिरला ने कहा - सशक्त लोकतंत्र संवाद, अलग- अलग विचारों और सार्थक जनभागीदारी पर आधारित

बिरला ने कहा - सशक्त लोकतंत्र संवाद, अलग- अलग विचारों और सार्थक जनभागीदारी पर आधारित
  • सशक्त लोकतंत्र संवाद, विविध विचारों और सार्थक जनभागीदारी पर आधारित
  • सहमति के साथ-साथ असहमति के लिए भी स्थान होता है

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को कहा कि सशक्त लोकतंत्र संवाद, विविध विचारों और सार्थक जनभागीदारी पर आधारित होता है। लोकतंत्र तब अधिक मजबूत होता है जब सहमति के साथ-साथ असहमति के लिए भी स्थान होता है और जब विधायी प्रक्रिया में विविध दृष्टिकोण शामिल किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि भारत की लोकतांत्रिक ताकत अपनी संस्थाओं की विविध विचारों और दृष्टिकोणों को समाहित करने की क्षमता पर निर्मित हुई है।

गोवा के राज्यपाल पुसापति अशोक गजपति राजू ने राज्य विधानसभा भवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित रजत जयंती समारोह का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए ओम बिरला कहा कि गोवा की एक विशिष्ट पहचान है, जिसे न केवल इसकी प्राकृतिक सुंदरता, समुद्र तट और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए जाना जाता है, बल्कि इसके सामंजस्यपूर्ण जीवन शैली के लिए भी जाना जाता है।

बिरला ने वैश्विक मंच पर भारत के बढ़ते कद का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत के लोकतांत्रिक अनुभव और संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता ने विश्व में देश की आवाज को मजबूत किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत 'वसुधैव कुटुंबकम' के सभ्यतागत मूल्यों को अपनाते हुए वैश्विक चुनौतियों का समाधान खोजने में योगदान दे रहा है।

लोकसभा अध्यक्ष ने लोकतांत्रिक संस्थाओं में युवाओं की अधिक भागीदारी पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत के युवा प्रौद्योगिकी, शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार में अग्रणी हैं और विधायी प्रक्रिया में उनकी भागीदारी से बेहतर नीतियों और कानूनों के निर्माण में मदद मिलेगी।

Created On :   6 Oct 2026 8:11 PM IST

Tags

Next Story