नई दिल्ली न्यूज: VIP इलाके में सांसद के घर चोरी, चोरों ने जरूरी सामान ही नहीं गटर का ढक्कन भी नहीं छोड़ा

VIP इलाके में सांसद के घर चोरी, चोरों ने जरूरी सामान ही नहीं गटर का ढक्कन भी नहीं छोड़ा
दिल्ली के VIP इलाके फिरोजशाह रोड से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। चोरों ने किसी आम नागरिक नहीं, बल्कि राज्यसभा सांसद के घर चोरी को अंजाम दिया।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली के VIP इलाके फिरोजशाह रोड से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। चोरों ने किसी आम नागरिक नहीं, बल्कि राज्यसभा सांसद के घर चोरी को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि सांसद डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल की कोठी नंबर 18 में की गई चोरी के दौरान चोर जरूरी सामान के साथ गटर का ढक्कन तक अपने साथ ले गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद दिल्ली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। अब पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है कि सांसद के घर में चोर कैसे दाखिल हुए और इसे कब अंजाम दिया गया।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल भारतीय जनता पार्टी के नेता हैं। उनका आवास फिरोजशाह रोड पर स्थित है। इसे दिल्ली के VIP इलाकों में गिना जाता है। उनके आवास के अलावा कई सांसदों और बड़ी हस्तियों के घर भी यहां हैं। इस चोरी की वजह से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

जांच में जुटी पुलिस

चोरी के बाद पुलिस ने अपनी जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि चोरों के आने-जाने के मार्ग का पता चल सके। पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि चोरों ने वारदात को किस समय अंजाम दिया और इसमें कितने लोग शामिल हैं।

वहीं, फॉरेंसिक टीम सांसद के घर के भीतर जांच कर रही है। इस दौरान टीम अलग-अलग हिस्सों से फिंगरप्रिंट और दूसरे जरूरी सबूत जुटा रही है। पुलिस पूरे परिसर की पड़ताल में जुट गई है, ताकि चोरों तक पहुंचने के लिए कोई सुराग हाथ लग सके।

हैरानी की बात ये रही

सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात यह है कि चोर जरूरी सामान के साथ गटर का ढक्कन भी उखाड़कर अपने साथ ले गए। फिलहाल चोरी किए गए सामान की पूरी जानकारी नहीं मिली है, लेकिन पुलिस चोरों का पता लगाने के लिए इलाके में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।

Created On :   4 Oct 2026 8:15 PM IST

Tags

Next Story