नई दिल्ली न्यूज: CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन, हिरासत में लिए जाने के बाद योगेंद्र यादव बोले- जब तक छुट्टी नहीं होगी, हम भी...

CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन, हिरासत में लिए जाने के बाद योगेंद्र यादव बोले- जब तक छुट्टी नहीं होगी, हम भी...
भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देश में विरोध प्रदर्शन देखने को मिल रहे हैं। इसी क्रम में पॉलिटिकल एक्टिविस्ट योगेंद्र यादव ने दिल्ली में उनके खिलाफ प्रदर्शन किया।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देश में विरोध प्रदर्शन देखने को मिल रहे हैं। इसी क्रम में पॉलिटिकल एक्टिविस्ट योगेंद्र यादव ने दिल्ली में उनके खिलाफ प्रदर्शन किया। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया है। इस दौरान उन्होंने CEC ज्ञानेश कुमार पर हमला करते हुए कहा कि उन्हें बस में डाल दिया गया है और कहीं ले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार की CEC पद से छुट्टी नहीं होती है, तब तक वे भी छुट्टी पर नहीं जाएंगे और यह सिलसिला इस्तीफा देने तक जारी रहेगा।

'दिल्ली पुलिस के लिए शर्मनाक अध्याय'

योगेंद्र यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने बताया, "आज दिल्ली की सड़कों पर इंडिया गेट के नजदीक जो हुआ, वो दिल्ली पुलिस के लिए एक शर्मनाक अध्याय है और देश के आंदोलन के लिए एक गौरव का क्षण है। आज हमारी अपील पर दिल्ली के हर वर्ग के लोग आए। सिर्फ संगठनों के ही नहीं, बल्कि सामान्य जनता, साधारण महिलाएं और साधारण लड़कियां, सभी क्षुब्ध थीं।"

महिला पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार!

पॉलिटिकल एक्टिविस्ट आगे बताते हैं, "कल शनिवार (3 अक्टूबर, 2026) को विरोध प्रदर्शन के दौरान तीन महिला पत्रकारों के साथ जो हुआ, उसके बाद दिल्ली पुलिस ने FIR तक दर्ज नहीं की, इस पर क्षुब्ध लोग आए। दिल्ली पुलिस ने इन लोगों को रोकने के लिए सारे इंतजाम किए, लेकिन आक्रोशित जनता जंतर-मंतर की तरफ आगे बढ़ चली और तब दिल्ली पुलिस ने दरिंदगी की।"

उन्होंने आगे बताया, "दिल्ली पुलिस ने नेहा बोरा को पकड़कर कार के अंदर फेंक दिया। उनको रोकने के लिए जिन बहादुर महिलाओं ने वहां खड़े होकर रोकने की कोशिश की, उन पर जिस तरह की बर्बरता की गई और सब कुछ होने के बाद जब उनको ले गए, मैं इंटरव्यू दे रहा था, तभी अचानक 15 पुलिस वाले आए और मुझे धकेलते हुए ले गए।"

इंटरव्यू के दौरान बस में डाला

योगेंद्र यादव कहते हैं, "मैंने उनसे पूछा कि मैं कर क्या रहा हूं। क्या गैर-कानूनी है? इस वक्त मैंने क्या गलत किया, मैं अकेला खड़ा हूं, लेकिन उनके पास कोई जवाब नहीं था। बस में डाल दिया गया है और फिर कहीं लेकर जाया जा रहा है। ये दिल्ली पुलिस का सिलसिला बन गया है और हमारा भी यही सिलसिला बन गया है। जब तक ज्ञानेश कुमार की छुट्टी नहीं होगी, हम भी छुट्टी नहीं लेंगे।"

Created On :   4 Oct 2026 8:42 PM IST

Tags

Next Story