बदलता दौर: आईआईएसएसएम का वार्षिक कॉन्क्लेव - ओपी सिंह ने एआई आधारित एकीकृत सुरक्षा को समय की जरूरत बताया

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली. इंडियन पुलिस फाउंडेशन के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी ओपी सिंह ने कहा कि आज सुरक्षा का मतलब केवल भौतिक सुरक्षा नहीं है। उन्होंने एआई आधारित एकीकृत सुरक्षा को समय की जरूरत बताया। ओ पी सिंह यहां आईआईएसएसएम के 36 वें कॉन्क्लेव को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अपराध की रोकथाम, भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन प्रतिक्रिया के लिए एआई का उपयोग होना चाहिए। लेकिन यह सनद रहे कि अपराधी भी इसका दुरुपयोग कर रहे हैं। आजकल साइबर अटैक का खतरा बढ़ रहा है। पुलिस, फायर, अस्पताल, पावरग्रिड और डेटा सेंटर सभी हैक हो रहे हैं। उन्होंने चेताया कि यदि आपदा के दौरान ही कंट्रोल रूम हैक हो जाए, तो राहत कार्य प्रभावित हो जाएगा ।
इस अवसर पर आईआईएसएसएम फाउंडेशन के अध्यक्ष उदय सिंह ने कहा कि आज भारत में 80 लाख से ज्यादा लोग निजी सुरक्षा के क्षेत्र में काम करते हैं। आज प्राइवेट सिक्योरिटी इंडस्ट्री एक महत्वपूर्ण मोड़ पर खड़ी है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इंटेलिजेंट वीडियो एनालिटिक्स, ऑटोमेटेड थ्रेट डिटेक्शन, डिजिटल भर्ती प्लेटफार्म, रिमोट मानिटरिंग, एकीकृत कमांड सेंटर और प्रोटेक्टिव तकनीक सुरक्षा प्रबंधन की संभावनाओं को फिर से परिभाषित कर रही हैं।।
सड़क सुरक्षा विशेषज्ञ और इंस्टीट्यूट ऑफ रोड एंड ट्रैफिक एजुकेशन ( आईआरटीई) के संस्थापक अध्यक्ष डॉ रोहित बालूजा ने कहा कि भारत में सड़क हादसों में हर साल 3 लाख से ज्यादा लोगों की मौत होती है। एआई आधारित स्पीड मॉनिटरिंग और दुर्घटना प्रवण क्षेत्रों की पहचान से इसे कम किया जा सकता है। आईआईएसएसएम के सीईओ प्रो संतोष कुमार ने आगत अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने संस्था के संस्थापक डॉ आर के सिन्हा को याद करते हुए कहा कि उनकी दूरदृष्टि ने आईआईएसएसएम को सुरक्षा और आपदा प्रबंधन में एक अग्रणी संस्थान बनाया।
Created On :  


