New Delhi News: दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने महाराष्ट्र सदन में किया गणेश प्रतिमा का दर्शन

New Delhi News. दिल्ली के जल संसाधन मंत्री प्रवेश वर्मा ने शुक्रवार को महाराष्ट्र सदन में सजे पंडाल में भगवान श्री गणेश का दर्शन किया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में इस वर्ष गणेश विसर्जन के लिए 85 कृत्रिम झीलें बनाई गई हैं। प्रवेश वर्मा महाराष्ट्र सदन में गणपति दर्शन के लिए पहुंचे, जहां रेजिडेंट कमिश्नर आर. विमला ने उनका स्वागत किया। उन्होंने मंत्री को स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) के कारीगरों द्वारा बनाए गए पारंपरिक शॉल और विभिन्न हस्तनिर्मित उत्पाद उपहार स्वरूप भेंट किए। वर्मा ने इन उत्पादों को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की और स्वयं सहायता समूहों के कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर प्रवेश वर्मा ने दिल्ली सरकार की पर्यावरण-अनुकूल पहलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार ने यमुना नदी में प्रदूषण को रोकने के लिए इस वर्ष गणेश विसर्जन के लिए 85 कृत्रिम झीलें बनाई हैं। इस पहल से श्रद्धालुओं को पर्यावरण-अनुकूल विसर्जन सुविधाएं मिली हैं और यह नदी के संरक्षण में बहुत मददगार साबित होगी।
दिल्ली के मंत्री ने इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आनंद लिया। नांदेड़ के गायक धनंजय जोशी द्वारा प्रस्तुत भक्ति गीतों की उन्होंने सराहना की। इसके साथ ही गणेश उत्सव के उत्साह, सांस्कृतिक विरासत और पर्यावरण अनुकूल पहल की भी उन्होंने सराहना की।
Created On :   5 Sept 2025 6:19 PM IST