New Delhi News: सिंधिया ने किया डाक टिकट प्रदर्शनी का उद्घाटन, भारत की एकता और लोकतंत्र का उत्सव

New Delhi News. केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंगलवार को यहां प्रधानमंत्री संग्रहालय में भारत की विरासत प्रदर्शित करने वाली डाक टिकट प्रदर्शनी का उद्धाटन किया। इस प्रदर्शनी का आयोजन डाक विभाग, प्रधानमंत्री संग्रहालय के सहयोग से, किया गया है। “एक भारत, श्रेष्ठ भारत: डाक टिकटों के माध्यम से भारत की एकता और लोकतंत्र का उत्सव” शीर्षक से आयोजित की गई यह प्रदर्शनी 17 अप्रैल तक चलेगी। केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने इस अवसर पर कहा कि यह दिन डाक विभाग के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। उन्होंने प्रधानमंत्री संग्रहालय की टीम को उनके सहयोग और समर्थन के लिए हार्दिक धन्यवाद व्यक्त किया। स्वतंत्रता के युग से अमृत काल और शताब्दी काल तक भारत की यात्रा पर विचार करते हुए, उन्होंने दोहराया कि डाक विभाग अतीत में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और आगे भी वह राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देता रहेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि डाक विभाग और प्रधानमंत्री संग्रहालय देश भर में डाक टिकट प्रदर्शनियों के आयोजन के लिए अपनी साझेदारी को सुदृढ़ करेंगे, जिसमें भारत की समृद्ध विरासत और धरोहर को प्रदर्शित किया जाएगा।
यह भी पढ़े -बिहार के मुख्यमंत्री पद की कुर्सी अपने नाम करने की भाजपा की दशकों पुरानी ख्वाहिश होगी मुकम्मल
सिंधिया ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित की गई वस्तुओं का बड़ी रूचि के साथ अवलोकन भी किया। यह प्रदर्शनी भारत की सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहर और डाक परंपराओं को दर्शाने वाले डाक टिकटों का एक चुनिंदा संग्रह प्रस्तुत करती है। इसमें देश के राष्ट्रपतियों, प्रधानमंत्रियों और स्वतंत्रता सेनानियों पर केंद्रित विषयगत विवरण शामिल हैं, जो आगंतुकों को आकर्षक और ज्ञानवर्धक अनुभव प्रदान करते हैं।
Created On :   14 April 2026 8:57 PM IST










