- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- शिंदे ने बताया अफवाह तो अरविंद...
ऑपरेशन टाइगर पर विराम: शिंदे ने बताया अफवाह तो अरविंद सावंत ने साथ बैठक की खबरों को किया खारिज, बोले - मैं बालासाहेब ठाकरे का शिवसैनिक

New Delhi News शिवसेना (उद्धव) सांसद अरविंद सावंत ने शुक्रवार को उन खबरों को सिरे से खारिज किया जिसमें उद्धव गुट के 8 सांसदों की महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ बैठक की चर्चा है। सावंत ने इन खबरों को निराधार बताते हुए कहा कि ऐसी कोई बैठक नहीं हुई है। सावंत ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि वह शिंदे या उनकी पार्टी के किसी नेता के संपर्क में नहीं हैं। उन्होंने उद्धव ठाकरे के साथ मजबूती से खड़ा रहने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने शिंदे के साथ बैठक की खबरों को सनसनीखेज करार दिया। सावंत ने कहा कि वह ठाकरे के साथ हैं और कभी भी पाला नहीं बदलेंगे।
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र में ऑपरेशन टाईगर को लेकर खबरों का बाजार गर्म है। ऐसी चर्चा है कि उद्धव गुट के 8 सांसदों ने शिंदे के साथ बैठक की है। जिन 8 सांसदों के शिंदे मिलने की बात सामने आई है, उसमें अरविंद सावंत, संजय पाटिल, संजय देशमुख, नागेश पाटिल, राजाराम वाकचौरे, संजय जाधव, ओम राजे निंबालकर और राजाभाऊ वाजे का नाम शामिल है। लोकसभा में उद्धव गुट के कुल 9 सांसद हैं।
राज्य की सियासत में ‘ऑपरेशन टाइगर’ पर विराम, एकनाथ शिंदे ने बताया अफवाह
महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बड़े उलटफेर की अटकलें तेज हो गई थीं, लेकिन अब इन चर्चाओं पर खुद शिवसेना (शिंदे) प्रमुख एवं उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने विराम लगा दिया है। शिवसेना (उद्धव) के सांसदों के टूटकर शिंदे खेमे में आने की खबरों को उन्होंने पूरी तरह निराधार बताया है। पिछले कुछ समय से यह चर्चा थी कि शिंदे ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात के दौरान उद्धव के कुछ सांसदों से संपर्क साधा है। इसके बाद यह दावा किया गया कि उद्धव गुट के करीब 8 सांसद शिंदे के संपर्क में हैं और उन्होंने शिंदे के साथ बैठक की है। हालांकि इन चर्चाओं की शिंदे ने हवा निकाल दी। इस बीच शिंदे के मंत्री संजय शिरसाट ने कहा कि ऑपरेशन टाइगर एक महीने में पूरा हो जाएगा।
शिंदे के दिल्ली दौरे से चर्चा तेज
जब शिंदे सातारा जिले के अपने पैतृक गांव दरे पहुंचे, तो ‘ऑपरेशन टाइगर’ को लेकर अटकलें फिर तेज हो गईं थी। कहा गया कि जल्द ही बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिल सकता है। इस बीच वह दिल्ली गए जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शाह से मुलाकात की। इन दो बैठकों के बाद ऑपरेशन टाइगर की चर्चा तेज हुई। लेकिन इन दावों को खारिज करते हुए शिंदे ने साफ कहा कि उनकी उद्धव गुट के सांसदों के साथ कोई बैठक हुई ही नहीं है और यह सब केवल अफवाह है। उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ साल से इस तरह की अफवाहें फैलाई जा रही हैं, लेकिन इनमें कोई सच्चाई नहीं है।
मैं बालासाहेब ठाकरे का शिवसैनिक- सावंत
वहीं उद्धव गुट के सांसद अरविंद सावंत ने इसे साजिश करार दिया है। सावंत ने कहा कि मैं इस खबर का कड़ा विरोध करता हूं। देश की जनता को अब समझना चाहिए कि झूठी खबरें फैलाई जा रही हैं। अगर उनकी पार्टी से मुझे एक भी फोन आया हो या मैंने उनसे बात की हो, तो आप जो भी सजा देंगे, मैं भुगतने को तैयार हूं। मैं बालासाहेब ठाकरे का शिवसैनिक हूं। मैं ‘मातोश्री’ से कभी विश्वासघात नहीं करूंगा। मैंने उद्धव ठाकरे के एक फोन कॉल पर मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।
‘ऑपरेशन टाइगर’ को लेकर शिंदे के मंत्री संजय शिरसाट ने संकेत दिए है कि जल्द ही बड़ा खुलासा होगा। अगले एक महीने में ऑपरेशन टाइगर पूरा होगा। किसी को इसमें कोई संदेह नहीं होना चाहिए। वहीं भाजपा नेता एवं मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि उद्धव ठाकरे अपने ही सांसदों को समय नहीं दे रहे, इसलिए वे किसी के भी संपर्क में आ सकते हैं।
Created On :   10 April 2026 8:52 PM IST







